पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरांची। शिक्षा विभाग द्वारा मध्य विद्यालयों में कक्षा छह से आठ में शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं किए जाने पर शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) पास अभ्यर्थियों ने नाराजगी जतायी है। इसे लेकर मंगलवार को झारखंड छात्र संघ के बैनर तले अभ्यर्थियों ने विरोध मार्च निकाला और सरकार विरोधी नारेबाजी की। अभ्यर्थियों ने अपने टेट के प्रमाण पत्र भी जलाए और विभाग के प्रति रोष प्रकट किया।
विरोध मार्च कचहरी रोड से निकाला गया जो राजभवन होते हुए जैसे ही सीएम आवास की ओर आगे बढ़ा जिला प्रशासन ने उसे रोक दिया। विरोध मार्च का नेतृत्व कर रहे संघ के अध्यक्ष एस अली ने कहा कि शिक्षा विभाग और सरकार संवेदनहीन हो गई है। कक्षा छह से आठ में शिक्षक नियुक्ति के लिए करीब 43 हजार अभ्यर्थी शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण कर कई महीनों से नियुक्ति का इंतजार कर रहे है।
इसके बाद भी विभाग की ओर से कोई भी कार्रवाई नहीं हो रही है। अली ने कहा कि अगर पांच फरवरी तक मध्य विद्यालयो में शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं होती है तो अभ्यर्थी अब आत्म दाह करेंगे। इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। जिन अभ्यर्थियों ने अपने प्रमाण पत्र जलाए उनमें नाजिया तबस्सुम, अमर उरांव, कौशिक महतो, अमर स्वांसी, मनोज यादव, नौशाद असरफ, जनार्दन राम, मोहम्मद फुरकान, रंजीत उरांव, मोहम्मद इमरान, संजय उरांव, नसरीन परवीन, सुशीला कुमारी और शबाना परवीन शामिल थे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.