- Hindi News
- अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ का शिक्षा रथ सात को रांची में
अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ का शिक्षा रथ सात को रांची में
रांची। देश के सभी बच्चों को गुणात्मक शिक्षा मिले इसके लिए अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने देश भर में मुहिम शुरू की है। इसके तहत देश के तीन भागों से एक साथ शिक्षा रथ एक फरवरी को निकाला जाएगा, जो देशभर में भ्रमण करेगा। इसकी जानकारी मंगलवार को झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के महासचिव ब्रजबिहारी पांडेय ने संवाददाता सम्मेलन में दी। पांडेय ने बताया गुजरात के सोमनाथ से शिक्षा रथ का शुभारंभ किया जाएगा। शिक्षा रथ ब्रज बिहारी पांडेय के नेतृत्व में उड़ीसा होते हुए छह फरवरी को झारखंड में प्रवेश करेगा। सात फरवरी को रथ रांची में होगा। जो खूंटी और चाईबासा के रास्ते बंगाल में 11 फरवरी को प्रवेश करेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा रथ का उद्देश्य समाज में शिक्षा के प्रति लोगो को जागरूक करना है। इसके साथ ही बच्चों को विद्यालयों में नामांकित करना, गुणात्मक शिक्षा के लिए वातावरण तैयार करना, योग्य शिक्षकों की नियुक्ति करना और विद्यालयों में गुणात्मक संसाधन उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि शिक्षा रथ देश के 23 राज्यों से भ्रमण करते हुए 27 फरवरी को दिल्ली पहुंचेगा। एक मार्च को दिल्ली में सभा का आयोजन किया गया है। इसमें 27 देशों के शिक्षक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। मौके पर डॉ संजय त्रिवेदी, आनंद कुमार लाल, अरुण सिन्हा, राधेश्याम पांडेय और मुश्ताक कमर उपस्थित थे।