रांची। बोकारो से देवघर जा रहे डाक बम दस्ता (कांवरियों) के बिहार के बांका जिले में 11000 वोल्ट तार के संपर्क में आ जाने से हुई मौत के बाद बिहार सरकार ने संबंधित कांवरियों के आश्रितों को विधानसभा में अनुदान देने की घोषणा की थी। बिहार सरकार द्वारा अनुदान दिए जाने के बाद अब झारखंड सरकार से भी अनुदान देने का अनुरोध किया गया है। आपदा प्रबंधन विभाग ने मुख्य सचिव को पिछले दिनों पत्र लिखा है। इसमें सुझाव दिया गया है कि बिहार सरकार के अनुरूप ही झारखंड राज्य में कार्रवाई किया जाना उचित होगा।
बिहार से मिले हैं तीन-तीन लाख रुपए
बांका जिले में पांच कांवरियों की मौत विद्युत तार के संपर्क में आकर मौत हो गई थी। बिहार सरकार की घोषणा के बाद वहां के मुख्यमंत्री राहत कोष से एक-एक लाख रुपए एवं बिहार राज्य विद्युत बोर्ड द्वारा दो-दो लाख रुपए मृतक कांवरियों के आश्रितों को उपलब्ध कराया गए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के तत्कालीन सचिव ने इस मामले में मुख्य सचिव को पत्र लिखकर कहा है कि यह मामला आपदा प्रबंधन विभाग का नहीं है। आपदा प्रबंधन विभाग इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर सकता है। लेकिन झारखंड राज्य में भी बिहार की कार्रवाई के अनुरुप कार्रवाई की जा सकती है।