रांची। होमगार्ड के डीएसपी जगदीश प्रसाद पर भ्रष्टाचार एवं भयादोहन का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद गृह विभाग ने डीजीपी को पत्र लिखकर उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच कर रिपोर्ट मांगी है। जमशेदपुर के कदमा निवासी मो. सत्तार ने डीएसपी के विरुद्ध कई गंभीर आरोप लगाए हैं। सत्तार ने गृह विभाग के अलावा मुख्य सचिव एवं डीजीपी को भी इस सिलसिले मे पत्र लिखा है।
मटका किंग से सांठ गांठ कर लेते हैं पैसे
सत्तार ने लिखित आवेदन मे आरोप लगाया है कि जगदीश प्रसाद का कदमा थाना क्षेत्र में मटका किंग से संपर्क है और अवैध मटका संचालन के एवज में प्रतिमाह 50 हजार रुपए की वसूली की जाती है। इतना ही नहीं थानेदार के न चाहने पर भी उसका संचालन कराया जा रहा है। इसके अलावा अवैध शराब की बिक्री लोहे की तस्करी आदि में भी पैसे लिए जा रहे हैं। इतना ही नहीं डीएसपी द्वारा किसी भी व्यक्ति को धमका उसपर केस दर्ज करने के नाम पर वसूली की जाती है। डीएसपी पर यह भी आरोप लगाया गया है कि वह लोगों को यह भी धमकी देते हैं कि उनके खिलाफ शिकायत पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं हो सकती है। उन्होंने पूरे मामले की जांच का आग्रह किया था, जिसके आधार पर जांच कर पुलिस मुख्यालय से रिपोर्ट मांगी गई है।