रांची। झारखंड में विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन पर रायशुमारी शनिवार को होटल बीएनआर में शुरू हो गई। शनिवार को राय शुमारी के पहले सत्र में कमेटी के चेयरमैन भंवर जितेन्द्र सिंह, सदस्य सूरज हेगड़े, प्रदेश सह प्रभारी ताराचंद भगोरा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत एवं विधायक दल के नेता राजेंद्र प्रसाद सिंह शामिल हुए। हालांकि एक घंटा के बाद प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक दल के नेता बैठक से बाहर आ गए। भगोरा शुक्रवार को ही रांची पहुंच गए थे जबकि जीतेंद्र सिंह एवं सूरज हेगड़े शनिवार की सुबह रांची पहुंचे।
प्रखंड व जिलाध्यक्षों से लिया जा रहा फीड बैक
प्रथम सत्र में 11 बजे से शुरू हुई बैठक में संथालपरगना, पलामू, कोल्हान प्रमंडल, दक्षिणी एवं उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के सभी जिला एवं प्रखण्ड अध्यक्षों के साथ कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य रायशुमारी की जा रही है। सबसे उम्मीदवारों के बारे में राय मांगी जा रही है। 14 सितम्बर को स्क्रीनिंग कमिटी के पदाधिकारी व सदस्य पहले सत्र में दिन के 11 बजे से प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों, सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों, 2009 विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशियों, एआईसीसी के सदस्यों, मोर्चा संगठन के प्रदेश अध्यक्षों, लोकसभा एवं विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्षों, महिला कांग्रेस के जिलाध्यक्षों, एनएसयूआई, सेवादल के जिला अध्यक्षों के साथ राय विचार किया जाएगा।
कांग्रेसियोंं की भीड़ उमड़ी
राय शुमारी को लेकर हो रही बैठक के दौरान होटल बीएनआर परिसर में बड़ी संख्या में कांग्रेसियो की भीड़ जमी हुई है। राज्य के सभी जिलों से पार्टी के कार्यकर्ता आए हुए हैं।