- Hindi News
- डेली वेजेज कर्मचारियों को चेक नहीं होगा नगद भुगतान
डेली वेजेज कर्मचारियों को चेक नहीं होगा नगद भुगतान
निगम के प्रतिनिधियों ने स्टैंडिंग की बैठक में बैंक में मानदेय भुगतान पर जताई आपत्ति
डस्टबिन की खरीदारी में टेंडर के माध्यम से होगी
भास्कर संवाददाता रांची,
राजधानी की सफाई व्यवस्था में लगे लगभग दो हजार डेली वेजेज कर्मचारियों को फिलहाल चेक के माध्यम से नहीं सीधे नगर निगम से भुगतान किया जाएगा। यह फैसला शनिवार को हुई नगर निगम स्टैंडिंग कमेटी की बैठक मे लिया गया। यानि अब डेली वेजेज कर्मचारियों के नाम पर पैसे की बंदरबांट फिर से शुरू होगी। चेक के माध्यम से उसी कर्मचारी को मानदेय मिलता जिसका खाता बैंक में है और जो काम कर रहा है। लेकिन नगद भुगतान होने से कम कर्मचारियों को लगा कर अधिक कर्मचारी के नाम पर मानदेय भुगतान दिखाना संभव हो जाएगा। स्टैंडिंग कमेटी के इस निर्णय से सफाई के नाम पर खर्च होने वाली राशि की बंदरबांट पर रोक लगाने की जगह इसे बढ़ावा मिलेगा। मालूम हो कि निगम सीईओ ने सभी कर्मचारियों को बैंक अकाउंट खोल कर चेक के माध्यम से मानदेय भुगतान करने का निर्देश दिया था, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। लेकिन जनप्रतिनिधियों ने अपने फायदे के लिए चेक सिस्टम पर रोक लगा दी। बैठक में हटिया पुल के पास श्मशान घाट निर्माण करने, डस्टबिन की खरीदारी टेंडर के माध्यम से करने, लॉ एडवाइजर के कार्यकाल को एक वर्ष के लिए विस्तार देने का मामला बोर्ड में रखने, चापानल मरम्मत के लिए आवश्यक सामानों की खरीदारी करने का निर्णय लिया गया। मौके पर मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, सीईओ मनोज कुमार, अपर नगर आयुक्त ओम प्रकाश साह, कार्यपालक पदाधिकारी रामकृष्ण कुमार सहित पार्षदगण उपस्थित थे।