- Hindi News
- स्थापना दिवस पर सम्मानित हुए पूर्व पार्षद और कर्मचारी
स्थापना दिवस पर सम्मानित हुए पूर्व पार्षद और कर्मचारी
निगम के 35 वें स्थापना दिवस पर शहर को प्रगति के पथ पर ले जाने का लिया गया संकल्प
भास्कर संवाददाता रांची,
रांची नगर निगम का 35 वां स्थापना दिवस समारोह शनिवार को धूमधाम से निगम परिसर में मनाया गया। रांची नगर निगम कर्मचारी संघ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में निगम के पूर्व पार्षदों और सेवानिवृत कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही मेयर, डिप्टी मेयर सहित सभी अधिकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। मौके पर उपस्थित निगम के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूर्व की तरह निगम के उत्थान के साथ शहर को प्रगति की पथ पर ले जाने का संकल्प लिया। इससे पूर्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर आशा लकड़ा ने कहा कि रांची नगर निगम पूरे राज्य की व्यवस्था को दिखाता है। निगम में संसाधनों की कमी है, इसके बाद भी शहर की इतनी बड़ी आबादी को मुलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। सीईओ मनोज कुमार ने कहा कि जिस तरह निगम के पूर्व अधिकारियों ने शहर के विकास के लिए काम किया है, उसी तरह आगे भी शहर के विकास के लिए निगम प्रयत्नशील है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी आबादी को सुविधाएं पहुंचाने में छोटी मोटी कमी रह जाती है, लेकिन उन कमियों को भी दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। मौके पर संघ के अध्यक्ष नरेश राम ने कहा कि स्थापना दिवस के मौके पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने का एकमात्र उद्देश्य वैसे लोगों को सम्मानित करना है, जिन्होंने पिछले 35 वर्षों के दौरान निगम को सबसे महत्वपूर्ण संस्था बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। स्थापना दिवस के मौके पर कर्मचारियों के लिए आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था कर्मचारियों ने लजीज व्यंजनों के साथ गायिका मिताली घोष के सुमधुर गीतों का आनंद उठाया। मौके पर निगम के पार्षदगण सहित कर्मचारीगण उपस्थित थे।