- Hindi News
- राजधानी में इनर रिंग रोड बनाने पर आज होगा फैसला
राजधानी में इनर रिंग रोड बनाने पर आज होगा फैसला
मुख्य सचिव ने बुलाई अधिकारियों की बैठक, विकास पर होगा मंथन
भास्कर संवाददाता रांची,
राजधानी के विकास को लेकर सोमवार को फिर अहम बैठक होगी। मुख्य सचिव सुधीर प्रसाद की अध्यक्षता में 15 सितंबर को सीएस कार्यालय में शाम चार बजे से अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है। इसमें शहर के प्रमुख सड़कों के सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाइट, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, ट्रैफिक सिस्टम, अर्बन ट्रांसपोर्ट सिस्टम, ट्रांसपोर्ट नगर, बस अड्डा, इनर रिंग रोड सहित अन्य एजेंडों पर चर्चा की जाएगी। नगर निगम, जिला प्रशासन और आरआरडीए, पथ निर्माण सहित अन्य विभागों को बैठक के लिए पूरी तैयारी करने का निर्देश दिया गया है। मालूम हो कि सीएस की बैठक में शहर के अंदर एक और रिंग रोड बनाने पर अहम निर्णय हो सकता है। क्यों कि मास्टर प्लान में इनर रिंग रोड की जरूरत बताई गई है। हेवी ट्रैफिक से निपटने के लिए सरकार इनर रिंग रोड बनाने पर विचार कर रही है।
सीएम के आदेश पर भी नहीं हुआ काम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शहर के विकास के लिए कई बार अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें टास्क दिया था। फरवरी में शहर के विकास के लिए हुई बैठक में सीएम ने सभी प्रमुख सड़कों पर स्थित डिवाइडर में लगे लोहे के स्ट्रक्चर को हटाने का निर्देश दिया था। उन्होंने दिल्ली की तर्ज पर शहर के प्रमुख सड़कों में डिवाइडर बना कर हरियाली दिखाने के लिए कहा था, ताकि प्रदूषण कम हो सके। लेकिन आज तक लोहा का स्ट्रक्चर नहीं हटाया गया। इसी तरह प्रमुख सड़कों में स्ट्रीट लाइट लगाने, ड्रेनेज और फुटपाथ की व्यवस्था करने के लिए कहा गया था, लेकिन इस पर भी काम नहीं हुआ।