खाद्य तेलों और प्रमुख दालों के भाव घटे
आगे भी नरमी संभव, चीनी व गुड़ के भाव स्थिर
रांची : बीते सप्ताह खाद्य तेलों व प्रमुख दालों की आवक सस्ती पड़ने से रांची थोक जिंस बाजार में भाव में नरमी रही। वहीं चीनी और चावल के भाव स्थिर रहे। हालांकि गेहूं और चने में हल्की तेजी आई। समीक्षाधीन सप्ताह में पाम आॅयल १०० रुपए और सोया आयल ७५ रुपए प्रति टीन तक सस्ते हुए। वहीं, अरहर दाल ३०० रुपए, उड़द दाल २०० रुपए और मूंग दाल २५० रुपए प्रति क्विंटल तक सस्ती हुई। चीनी और गुड़ के भाव पूरे सप्ताह स्थिर पड़े रहे। हालांकि बीते सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस में चने में मांग निकलने के कारण हल्की तेजी रही। चना २५ रुपए क्विंटल तक तेज हुआ। दालों के थोक कारोबारी विनोद कुमार ने बताया कि बाजार में दलहन की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। एमपी, राजस्थान, छत्तीसगढ़ आदि राज्यों से आवक कुछ सस्ती हुई है। अब बारिश भी अच्छी हो गई है। ऐसे में आगे दालों में नरमी संभव है। बीते सप्ताह अरहर दाल बेस्ट ७२०० रुपए, मूंग दाल बेस्ट ८५०० रुपए, उड़द दाल बेस्ट ७१०० रुपए प्रति क्विंटल बिक। वहीं चना ३७०० रुपए व मसूर दाल ६५०० रुपए क्विंटल बिका। खाद्य तेलों के कारोबार कमल छापडिय़ा ने बताया कि इस समय विदेशों में खाने के तेल काफी सस्ते हैं। इस कारण तेल में गिरावट है। लेकिन त्योहारों के समय मांग निकलने के बाद भाव में तेजी संभव है। बीते सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस में पाम ऑयल ८९० से ९३० रुपए और सोया ऑयल ११०० से ११७० रुपए प्रति टीन तक बिके।