रांची। उग्रवादियों के साथ संबंध को लेकर त्याग पत्र देने वाले तत्कालीन कृषि मंत्री योगेंद्र साव अपने साथ हुई घटना का पैम्फलेट छपवा रहे हैं। इस पैम्फलेट में उनके खिलाफ की गई पूरी साजिश की कहानी अंकित रहेगी। इस कहानी में यह बताया जाएगा कि किस तरह से उनके विरोधियों ने साजिश रखी। इस साजिश में कौन कौन शामिल है। वह विशेष तौर पुलिस और औद्योगिक घरानों पर आरोप लगा रहे हैं। पैम्फलेट जल्द ही तैयार हो जाएगा। इसके बाद इसे योगेंद्र साव अपने इलाके में वितरित कराएंगे ताकि पुलिस का असली चेहरा सामने आए और जनता को सच्चाई का पता चल सके।
मेरे करीबियों को मिल रही है धमकी
योगेंद्र साव ने बताया कि पुलिस अब उनके करीबियों को भी फंसाने की साजिश कर रही है। उनके करीबियों को धमकी भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि वह पैम्फलेट के माध्यम से जनता को सारी सच्चाई बताएंगे। जनता ही उनकी ताकत है। जनता उनके साथ है। जनता के माध्यम से भी पुलिस के षडयंत्र का पर्दाफाश भी किया जाएगा।