रांची। राज्य मानवाधिकार आयोग ने राज्य सरकार से अनुसंधान कार्य के लिए पुलिस अफसरों की मांग की है। आयोग द्वारा इस सिलसिले में गृह विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखा गया है। आयोग के सचिव धमेंद्र पांडेय ने मानवाधिकार आयोग की विभिन्न धाराओं के तहत अनुसंधान संबंधित मामलों के लिए ही पुलिस अफसरों की मांग की है। जिसमें डीएसपी एवं पुलिस इंस्पेक्टर एक एक, पुलिस सब इंस्पेक्टर दो एवं चार साक्षर पुलिसकर्मियों की मांग की गई है। इसके अलावा एक आशुलिपिक सहायक पुलिस अवर निरीक्षक देने का अनुरोध किया गया है।
अनुसंधान में आ रही कठिनाई
राज्य मानवाधिकार आयोग के सचिव द्वारा गृह विभाग को लिखे गए पत्र में कहा गया है कि पुलिस पदाधिकारियों एवं अन्य कर्मियों की उपलब्धता नहीं होने की वजह से अनुसंधान संबंधित कार्यों में काफी कठिनाई हो रही है। उन्होंने पूर्व में भी इस संबंध में गृह विभाग को लिखे गए पत्रों का हवाला दिया गया है।