पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अफसर, कर्मचारी एक दिन का वेतन दें : सीएम

अफसर, कर्मचारी एक दिन का वेतन दें : सीएम

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची। सीएम हेमंत सोरेन ने राज्य के सभी सरकारी अफसर और कर्मचारियों से अपना एक दिन का वेतन जम्मू कश्मीर के बाढ़ पीड़ितों के सहायतार्थ देने की अपील की है। सीएम ने सोमवार को रांची के समाहरनालय में कहा कि हमने पहले पांच करोड़़ रुपये दिये और अब 40 हजार कंबल भेज रहे हैं। आगे पीड़ितों के लिए खाद्य सामग्री भी भेजने की तैयारी में है। सरकार दुख की इस घड़ी में उन सभी परिवारों के साथ हैं, जो इस वक्त जिंदगी से जूझ रहे हैं।
हेमंत सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में 40 हजार कंबलों से लदे ट्रक को हरी झंडी दिखाकर जम्मू कश्मीर के लिए रवाना किया। मौके पर डीसी विनय कुमार चौबे, एसडीओ अमित कुमार, एसओआर अशोक कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी नीरज कुमारी, कार्यपालक दंडाधिकारी सौरभ प्रसाद, एडीएम प्रवीण प्रकाश समेत अन्य कई अफसर व कर्मचारी उपस्थित थे।
सोरेन ने कहा कि जम्मू कश्मीर की त्रासदी दिल दहलाने वाली घटना है। हम सभी को अपनी क्षमता के अनुरूप सहयोग करना चाहिए। हमने संगठनों से भी अपील की है। मालूम को हो कि उक्त कंबल सभी प्रखंडों से मंगवा कर राहत के लिए भेजी गयी है। इसे वायु सेना के हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचाया जाएगा।
सीएम से मांगा घर और राशन कार्ड

सीएम हेमंत सोरेन ने जैसे ही कंबल लदे ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तभी ही वहाँ एक महिला रोते रोते उनके पास पहुंची। हाथ में कागज पकड़ाते हुए घर, राशन कार्ड व पेंशन की मांग की। यह देख वहां मौजूद अफसरों के होश उड़ गए। महिला लगातार कहते रही कि सीएम हाउस में कोई मेरा आवेदन स्वीकार नहीं करता है। आवेदन फेंक दिया जाता है। अधिकारी भगा देते हैं। सीएम हेमंत सोरेन ने इसे गंभीरता से लिया और महिला को आश्वस्त किया कि उसकी मांगों पर जल्द कार्रवाई करेंगे। उनके जाते ही डीसी विनय कुमार चौबे महिला गुड़िया देवी उरांव से मिले। वह मिशन गली कांके रोड में रहती है। महिला ने बताया कि उसके पास न तो घर है और ही राशन कार्ड। घर में मां बाप को वृद्धावस्था पेंशन भी नहीं मिलता है। चौबे ने उसकी बातों को सुना और कहा कि पेंशन और राशन कार्ड के बारे में जल्द ही निर्णय लेंगे।