फोटो : स्व. विश्वेश्वरैया की 153वीं जयंती के मौके पर इंजीनियर्स भवन डोरंडा में आयोजित कार्यक्रम में अपनी बातें रखती मंत्री अन्नपूर्णा देवी।
रांची। राज्य की जल संसाधन मंत्री मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा है कि इंजीनियर चाहें तो किसी भी राज्य को विकसित राज्य की श्रेणी में लाकर खड़ा कर सकते हैं। इंजीनियर अपने अधिकार और कर्तव्य दोनों को समझें और अपने इस प्रदेश को देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में लाकर खड़ा करें। मंत्री सोमवार को भारत रत्न स्व. विश्वेश्वरैया की 153वीं जयंती के मौके सह 47वें अभियंता दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रही थीं।
इंजीनियर्स भवन डोरंडा में आयोजित कार्यक्रम में आईएएस अधिकारी अविनाश कुमार, ग्रामीण विकास सचिव अरुण उपस्थित थे। अतिथियों ने डॉ विश्वेश्वरैया जी की चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
राज्य की सड़कें राष्ट्रीय मानक से कम
जल संसाधन मंत्री ने कहा कि राज्य गठन के 14 वर्ष बाद भी आधारभूत संरचना की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। जबकि झारखंड के साथ ही गठित होने वाले दोनों प्रदेश झारखंड से कहीं आगे हैं। राज्य की सड़कें राष्ट्रीय मानक से कम है। हालांकि कोडरमा जिला राष्ट्रीय मानक से अधिक है।
सरकार इंजीनियरों की समस्याओं को सुनेगी
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार इंजीनियरों की समस्याओं को सुनेगी। इसके लिए उन्हें झारखंड अभियंता संघ के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए भी आमंत्रित किया। अविनाश कुमार ने इस मौके पर कहा कि अभियंता अपना इंटरेस्ट भूलकर अपनी इंजीनियरिंग सेवा का इंटरेस्ट का ध्यान रखें। वे प्रो एक्टिव बनें। नई चीजों और तकनीक का इस्तेमाल करें। विधवा विलाप न करें। क्षणिक लाभ भूलकर राज्यहित में काम करें, तभी वे अपना सम्मान बरकरार रख पाएंगें। अरुण ने अपने संबोधन में कहा कि इंजीनियरिंग और इंजीनियर दोनों का विकल्प नहीं है।
अभियंता योग्य, उनसे बहुत उम्मीदें
झारखंड के अभियंता योग्य है और झारखंड को उनसे बहुत उम्मीदें हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि राज्य में पानी संग्रह के लिए अभियंता काम करें। इससे पहले झारखंड अभियंता संघ के महासचिव सतीश चंद्र चौधरी ने विषय प्रवेश किया। इस मौके पर संघ के अध्यक्ष शिवानंद राय समेत काफी संख्या में राज्य के इंजीनियर्स उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अभियंताओं को सम्मानित किया गया।
डॉ सीके सिंह को दी गई श्रद्धांजलि
अभियंता दिवस के मौके पर राज्य के दिवंगत इंजीनियर डॉ सीके सिंह को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम के दौरान सभी वक्ताओं ने उनके कार्यों को याद करते हुए उन्हें एक प्रेरणा स्रोत युग पुरुष बताया। अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि झारखंड के विकास में डॉ सिंह को बड़ा योगदान रहा है।
आगे देखें कार्यक्रम से जुड़ी और भी तस्वीरें -
फोटो : पवन कुमार।