रांची. टाइगर गिरोह के गठन, गिरोह के साथ संपर्क रखने और उसे बढ़ावा देने के साथ ही साथ हथियार व आर्थिक मदद करने का आरोप झेल रहे पूर्व कृषि मंत्री योगेंद्र साव से हजारीबाग पुलिस की पूछताछ एक सप्ताह के टल गई है।
हजारीबाग पुलिस ने पूछताछ के लिए टीम का गठन करने के साथ ही पूर्व मंत्री को नोटिस देकर बुलाया था ताकि उनसे पूरी जानकारी ली जा सके। पूर्व मंत्री योगेंद्र साव से सोमवार को ही पूछताछ शुरू होनी थी लेकिन सोमवार को पूछताछ शुरू नहीं हो सकी।
क्षेत्र में हैं मंत्री, मांगा समय
पुलिस की नोटिस मिलने के बाद पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के पुत्र ने बड़का गांव थाना प्रभारी को एक आवेदन दिया है कि पूर्व मंत्री योगेंद्र साव क्षेत्र में कुछ काम से व्यस्त हैं इसलिए एक सप्ताह बाद उनसे पूछताछ की जाए। पुलिस ने इस अनुरोध को मान लिया है। पहले यह आवेदन एसपी को दिया गया था। एसपी ने इसे पूछताछ करने वाले अफसरों को देने को कहा। इसके बाद ही बड़कागांव थाना प्रभारी को आवेदन दिया गया।
पुलिस द्वारा आवेदन के अनुरोध को स्वीकार कर लिया गया। इसी वजह से पूछताछ की कार्रवाई करीब एक सप्ताह के लिए टाल दी गई। इस बीच पुलिस तत्कालीन मंत्री के खिलाफ मिले साक्ष्यों की जांच पड़ताल करने का काम करेगी। हजारीबाग के एसपी मनोज कौशिक ने भी पुष्टि की कि सोमवार को मंत्री से पूछताछ नहीं हो सकेगी।