रांची। झामुमो छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री साइमन मरांडी ने अपनी एवं परिवार के जानमाल का खतरा बताया है। उन्होंने इसके लिए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने कहा है कि उनकी सुरक्षा के लिए समुचित अंगरक्षकों एवं पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति के साथ उनके परिजनों की सुरक्षा के लिए भी पुलिस की व्यवस्था की जाए। इसके लिए उन्होंने पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा है।
सुदूर क्षेत्रों में करना पड़ता है भ्रमण
साइमन मरांडी ने पुलिस को भेजे पत्र में दलील दी है कि जनप्रतिनिधि होने की वजह से उन्हें हमेशा ही सुदूर क्षेत्रों में यात्रा करनी पड़ती है। समय-समय पर उग्रवादियों के हमले की आशंका के बीच पिछले दिनों उपद्रवी एवं असमाजिक तत्व की ओर से भी उनके एवं उनके परिवार के विरुद्ध हमले की घटनाएं कई बार घटित हो चुकी है। उन्होंने कहा है कि भविष्य में भी उनके उपर जानलेवा हमले की तैयारी स्पष्ट तौर पर परिलक्षित है। पुलिस प्रशासन भी इस मामले से अवगत है।