फोटो - थाना का घेराव करती महिलाएं।
रांची/रामगढ़। रांची से सटे रामगढ़ जिले की गोला पुलिस को लौकी चोरी के आरोप में दो युवकों को पकड़ना उस वक्त बहुत महंगा पड़ गया, जब जांगी गांव के महिला-पुरुषों ने उन्हें छोड़ने की मांग को लेकर थाने का घेराव कर दिया। इस दौरान महिलाओं ने 'हमलोग लौकी चोर हैं, पुलिस घूसखोर है' के नारे लगाते हुए थाना गेट के समक्ष प्रदर्शन किया और लगभग तीन घंटे सड़क जाम रखा।ग्रामीणों की मांग के आगे पुलिस को झुकना पड़ा और दोनों युवकों को छोड़ दिया गया। लेकिन ज्यों ही दोनों युवक बाहर निकले उनके समर्थन में जुटे ग्रामीणों ने लौकी चोरी का झूठा आरोप लगाने वालों को पुलिस हिरासत में लेने की मांग को लेकर फिर से रोड जाम कर दिया।
इस संबंध में पिंटू कुमार महतो की पत्नी रोमा देवी की ओर से थाने में लिखित शिकायत की गई है, जिसमें उन्होंने ससुर योगेंद्र महतो द्वारा लगाए गए लौकी चोरी के आरोप को बेबुनियाद बताते हुए कहा है कि पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर इस मामले में मेरे रिश्तेदार रंजीत दांगी और केदार महतो को फंसाया जा रहा है।
24 घंटे के अंदर गिरफ्तारी की मांग
उधर ग्रामीणों ने आरोप लगाने वाले योगेंद्र महतो, पिंटू कुमार महतो और पचु महतो को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार नहीं करने पर पुन: थाना घेराव करने की धमकी दी है। बाद में कुशवाहा महासभा के जिलाध्यक्ष अमरलाल महतो, भागीरथ महतो, खेलावन राम दांगी समेत अन्य गणमान्य लोगों के समझाने के बाद रोड जाम को हटाया गया।
क्या कहते हैं थानेदार
थाना प्रभारी बालकृष्ण भगत ने कहा कि लौकी चोरी की शिकायत पर पूछताछ के लिए जांगी गांव के रंजीत दांगी और केदार महतो को पूछताछ के लिए थाना लाया गया था, लेकिन गांव वालों ने थाना का घेराव कर दिया। उन्होंने बताया कि यह कोई लौकी चोरी की बात नहीं है, बल्कि पति-पत्नी और ससुराल का झगड़ा है, जिसका मामला कोर्ट में चल रहा है। फिर भी दोनों ओर की शिकायत की जांच की जा रही है, जो दोषी होगा उसपर कार्रवाई होगी।
क्या है मामला
रोमा देवी ने अपने ससुर योगेंद्र महतो, पति पिंटू कुमार महतो और सास प्रतिमा देवी पर दहेज और प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। 24 अगस्त को रोमा देवी मायके से ससुराल पहुंची थी, लेकिन ससुराल वालों ने उन्हें घर में घुसने नहीं दिया और ताला बंद कर वे सभी गांव से फरार हो गए। बाद में गांव वालो ने रोमा को तीन दिन बाद घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करा दिया। तब से योगेंद्र महतो घर से बाहर है और रोमा देवी घर में अकेले रह रही है। इसी बात को लेकर रविवार को पंचायती भी बुलाई गई थी, लेकिन योगेंद्र महतो बैठक में नहीं पहुंचा। इस कारण पंचायत स्थगित कर दी गई थी। यही विवाद आगे बढ़कर लौकी चोरी के रूप में सामने आया।
आगे क्लिक कर देखें घटना से जुड़ी तस्वीरें...