रांची। राज्य सरकार इलेक्ट्रॉनिक्स हार्डवेयर के क्षेत्र में काम कर रही कंपनियों को पुरस्कृत करेगी। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से 23 सितंबर तक आवेदन मांगें गए हैं। कंपनियां अपना नामांकन सूचना प्रौद्योगिकी विभाग में जमा कर सकती है। आवेदनों पर विचार के बाद पुरस्कार के लिए केंद्र सरकार को अनुशंसा भेजी जाएगी।
सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के उप निदेशक शिव विलास साह ने बताया कि सूचना, संचार तथा मनोरंजन के क्षेत्र में आए बदलाव के कारण इलेक्ट्रॉनिक्स हार्डवेयर निर्माण क्षेत्र को एक नई दिशा मिली है। इलेक्ट्रॉनिक्स हार्डवेयर निर्माण क्षेत्र में पांच उप क्षेत्र आते हैं जिनमेें औद्योगिक इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर एवं अनुषंगी साजो-सामान, संचार एवं प्रसारण उपस्कर, रणनीतिक इलेक्ट्रॉनिक्स तथा संबंधित घटक शामिल हैं। इस परिदृश्य में घरेलू मांग को पूरा करने के साथ-साथ विश्व बाजार में अपना अधिक हिस्सा बढ़ाने के लिए उत्पादन में वृद्धि के बहुत अवसर हैं। इस क्षेत्र को प्रोत्साहित करने हेतु सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा राज्य स्तर पर एक कमिटी का भी गठन किया गया है। इस संदर्भ में केंद्र सरकार द्वारा भी उक्त क्षेत्र को प्रोमोट करने हेतु विभिन्न कदम उठाये गए हैं जिसमें इस क्षेत्र में छोटे-बड़े उद्योगों को बढ़ावा देकर पुरस्कृत करना भी सम्मिलित है।इसमें राज्य से संबंधित कंपनियों को पुरस्कृत किया जाना भी सम्मिलित है।