फोटो : मीडिया को पूरे मामले की जानकारी देते डीएसपी पीके बरवार।
रांची/मेदिनीनगर। पलामू पुलिस ने गुप्ता सूचना के आधार पर स्टेशन रोड स्थित रोटरी स्कूल के निकट से दो आर्म्स सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उन दोनों के पास से एक देशी बंदूक व एक पिस्टल बरामद किया है। साथ ही 12 बोर का एक जिंदा कारतूस व एक प्वाइंट 315 बोर की जिंदा लोडेड गोली भी बरामद की है।
इस संबंध में डीएसपी पीके बरवार ने बताया कि पुलिस ने लेस्लीगंज थाना के गोपालगंज गांव के अनिल कुमार विश्वकर्मा व सदर थाना के सिंगरा कला गांव के उदय कुमार सिंह को पकड़ा है। उन्होंने बताया कि जब पुलिस स्टेशन रोड पहुंची तब उदय कुमार सिंह टेंपो चला रहा था, जिसे पुलिस ने तत्काल पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि अनिल कुमार विश्वकर्मा हथियार बनाता था, जबकि उदय सिंह उसे बेचने का काम करता था। उन्होंने बताया कि उदय सिंह यह कहकर आर्म्स ला रहा था कि उसने अग्रिम पैसे ले लिए हैं और आज ही हथियार भी देना है।
डीएसपी ने बताया कि वह अपने घर से यह कहकर गांव के रघुनाथ राय से टेंपो लिया था कि वह उसे चलाकर देख रहा है। पंसद आने पर खरीद लेगा। उन्होंने बताया कि टेंपो जब्त कर लिया गया है। डीएसपी ने बताया कि 2013 में उदय जेल जा चुका है। पुलिस इस मामले में अभी और पूछताछ करेगी कि कौन-कौन लोग इस मामले में शामिल है।
फोटो : प्रवीण रंजन।