रांची। राजधानी में दुर्गा पूजा की तैयारी जोरदार तरीके से चल रही है। लेकिन शहर की साफ सफाई की व्यवस्था अभी भी संतोषप्रद नहीं है। इसके विरोध में कई संगठनों की ओर से नगर निगम का विरोध प्रदर्शन किया गया है। इसे देखते हुए निगम ने शहर की साफ सफाई कराने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार किया है। इसके तहत पूजा पंडालों में दो शिफ्ट में साफ सफाई होगा। शहर के पूजा पंडाल और उसके आसपास के क्षेत्रों में कलश स्थापना से विजयादशमी तक रात्रि तीन बजे से सफाई शुरू की जाएगी, जो दिन में भी चलेगी।
सफाई में किसी तरह की समस्या नहीं हो, इसके लिए सभी बड़े पूजा पंडालों के पास दो दो स्थाई सफाईकर्मियों को तैनात कर दिया गया है। इसके अलावा निगम के सभी सुपरवाइजरों को पूजा पंडाल, मुख्य सड़क और बाइलेन में कचरा का उठाव, डोर टू डोर कलेक्शन करने का निर्देश दिया गया है, ताकि लोगों को रोड और नाली में कूड़ा नहीं फेंकना पड़े। निगम के इंजीनियरों को वैसे पूजा पंडालों के पास डस्ट गिराने के लिए कहा गया है, जहां पर रोड में गड्ढे हैं और खतरनाक हो गए हैं।
स्लैब नहीं होने से होगी परेशानी
साफ सफाई पर निगम ने तैयारी तो शुरू कर दी है, लेकिन अभी भी शहर के दर्जनों ऐसे पुलिया हैं, जहां पर स्लैब टूटे हुए हैं। निगम में टेंडर देरी से होने के कारण स्लैब का निर्माण नहीं हो सका है। दुर्गा पूजा के पहले तक स्लैब नहीं बनता है तो पूजा के दौरान नाली और पुलिया पर खतरनाक स्थिति बनी रहेगी।