रांची। झारखंड ऊर्जा संचरण निगम के निदेशक अतुल कुमार ने चतरा में चल रहे ट्रांसमीशन लाइन के काम में तेजी लाने को कहा है। उन्होंने चतरा में बन रहे ट्रांसमीशन लाइन का स्थल निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट संचरण निगम के एमडी सुभाष सिंह को सौंप दिया है। वे एमडी के निर्देश पर चतरा दौरे पर गये हुए थे।
पिछले दिनों ऊर्जा मंत्री राजेन्द्र प्रसाद सिंह ने चतरा में बिजली संकट के लिए ट्रांसमीशन लाइन को जिम्मेवार ठहराते हुए कहा कि वहां का काम जल्द पूरा हो। ऊर्जा मंत्री ने आदेश दिया था कि अगर निर्माण कंपनी जल्द काम पूरा नहीं करती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाये। जिसके बाद अतुल कुमार को स्थल निरीक्षण के लिए चतरा भेजा गया था।
फिलहाल चतरा में दस से बारह घंटे बिजली संकट रहता है। जिस वजह से वहां के लोगों का बुरा हाल है। झारखंड ऊर्जा संचरण निगम के एमडी सुभाष सिंह ने कहा है कि राज्य में ट्रांसमीशन लाइन बनाने का काम कर रही सभी कंपनियों को समय पर काम पूरा कर के देना होगा। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों की एक टीम बनाई है जो उनके काम काज की समीक्षा करेगी।