रांची। शनिवार को झारखंड सचिवालय सह मंत्रालय में अवकाश के बावजूद 20 सितंबर को काम हुआ। झारखंड का गृह विभाग एवं पुलिस मुख्यालय खुला रहा। दोनों विभागों के कर्मचारियों को शनिवार को विशेष तौर पर कार्यालय में बुलाया गया था। गृह विभाग के प्रधान सचिव एनएन पांडेय एवं पुलिस मुख्यालय में डीजीपी राजीव कुमार खास तौर पर आए थे। दोनों अफसरों ने अपने अपने अफसरों के साथ विभागों में अलग-अलग बैठक की। इसके साथ ही इन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के झारखंड दौरे की तैयारियों की समीक्षा भी की।
गृह सचिव एवं डीजीपी ने बैठक में लिया जायजा
गृह सचिव एवं डीजीपी राजीव कुमार ने बैठक कर उग्रवाद प्रभावित इलाकों में चलने वाली विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही उसका डाटा तैयार करने का निर्देश दिया ताकि संबंधित योजनाओंं की अद्यतन स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी मिल सके। इसी रिपोर्ट को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह को सौंपा जाना है। पुलिस मुख्यालय शनिवार का दिन भी योजनाओ से संबंधित डाटा अपडेट करने में जुटा रहा।