रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा बरियातू बूटी मोड़ रोड के निर्माण का शिलान्यास के आठ माह बाद पथ निर्माण विभाग ने इसे बनाने के लिए टेंडर निकाला है। पथ निर्माण विभाग की ओर से शनिवार को स्व. एलपीएन शाहदेव चौक से एटीआई मोड़, बरियातू रोड होते हुए बूटी मोड़ तक रोड के मजबूतीकरण के लिए टेंडर निकाला गया है।
रोड के मजबूतीकरण पर विभाग की ओर से कुल 20.89 करोड़ रुपए खर्च किया जाएगा। 13 माह के अंदर इस रोड के मजबूतीकरण का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मालूम हो कि बरियातू रोड की स्थिति काफी खराब है। पाइपलाइन शिफ्टिंग के दौरान यह रोड कई स्थानों पर पूरी तरह टूट चुका है।
गड्ढे के कारण कई बार बड़ी दुर्घटना घटी जिसमें लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा है। इसे देखते हुए इस वर्ष फरवरी माह में मुख्यमंत्री ने इस रोड के निर्माण का शिलान्यास किया था। लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण अब टेंडर निकाला गया है।