रांची। रांची में बननेवाली भोजपुरी फिल्म माही तोहरे प्यार का मुहूर्त रविवार को संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम शहर के एक होटल में आयोजित था। बतौर मुख्य अतिथि मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मौके पर निदेशक आफताब राणा, जगदीश सिंह जग्गू, विशाल चौधरी, राजेश कुमार त्रिपाठी समेत फिल्म के हीरो सुजीत सुमन, हाशिम खान, सादिक, उत्तम सिंह और अन्य लोग मौजूद थे। लकड़ा ने फिल्म से जुड़े लोगों को बधाई दी और कहा कि यह अच्छी बात है कि हमारे शहर के नए कलाकार फिल्म निर्माण के क्षेत्र में आगे आ रहे हैं। चाहे वह झॉलीवुड हो या बॉलीवुड। आफताब राणा ने कहा कि फिल्म के कलाकार और निर्माता सभी यंग हैं और इन्होंने लक्ष्य को साधकर यह काम अपने हाथ में लिया है। हमारी दुआएं इनके साथ हैं। हाशिम खान ने बताया कि फिल्म की शूटिंग अगले महीने शुरू होगी। अधिकांश शूटिंग रातू पार्क, पिस्का मोड़ समेत झारखंड के अन्य हिस्सों में की जाएगी। यह फिल्म ड्रीम ब्यॉज फिल्म इंटरटेनमेंट के बैनर तले बनेगी। इससे पूर्व दो फिल्में तोले लागी लगन और जुनूनी मर्डर रिलीज हो चुकी है।