रांची। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने सोमवार को विधानसभा चुनाव 2014 को लेकर कांग्रेस के सांसदों एवं विधायकों से राय शुमारी शुरू कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत की उपस्थिति में प्रदेश प्रभारी सभी विधायकों एवं सांसदों से बात कर रहे हैं। तीन विधायक सावना लकड़ा, योगेंद्र साव एवं सौरव नारायण सिंह इस बैठक में शामिल नहीं हैं। अन्य जनप्रतिनिधियों से राय शुमारी जारी है।
गठबंधन है चर्चा का मुख्य विषय
प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद सांसदों व विधायकों से राय शुमारी में विशेष तौर पर गठबंधन के बारे में राय जानने का प्रयास कर रहे हें। वह यह जानने का प्रयास कर रहे हें कि राज्य सरकार में सहयोगी बने दलों के साथ गठबंधन किया जाए या नहीं, अगर गठबंधन की स्थिति बनती है तो इसके लिए किन- किन दलों से वार्ता की जाए।
गठबंधन होने की स्थिति में कांग्रेस को दूसरे का नेतृत्व स्वीकार करना चाहिए या फिर अपने नेतृत्व में सहयोगियों के साथ चुनाव लड़ना चाहिए। यह भी चर्चा होगी कि कांग्रेस राज्य के 81 विधानसभा सीटों में से कितनी सीटों पर चुनाव लड़े। इसके अलावा पार्टी को विधानसभा चुनाव में किस तरह की रणनीति अपनानी चाहिए।
राज्य में कांग्रेस के १३ विधायक हैं जिसमें एक जेल में हैं और दूसरे विधायक योगेंद्र साव उग्रवादियों के साथ संबंधों के उजागर होने के बाद वारंट जारी होते ही भूमिगत हो चुके हैं। इसके अलावा कांग्रेस के पास राज्य में सांसदों के नाम पर राज्य सभा के दो सदस्य प्रदीप कुमार बलमुचू एवं धीरज प्रसाद साहू हैं। लोकसभा के एक भी सांसद कांग्रेस के पास नहीं हैं।