पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कल आएंगे केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ, राज्य प्रशासन की तैयारी पूरी

कल आएंगे केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ, राज्य प्रशासन की तैयारी पूरी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को एक दिवसीय दौर पर झारखंड आ रहे हें। गृह विभाग एवं पुलिस मुख्यालय ने उनके आगमन के लिए आवश्यक तैयारी पूरी कर ली है। गृह विभाग एवं पुलिस मुख्यालय ने उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में चलाई जाने वाली विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की अद्यतन स्थिति तैयार कर ली है।
गृह मंत्री राजनाथ सिंह राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं अन्य आला अफसरों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। वह राज्य में नक्सलवाद की पूरी स्थिति की समीक्षा करेंगे। राजभवन में भी केंद्रीय गृह मंत्री के बैठक की तैयारी कर ली गई है। पुलिस मुख्यालय ने अवकाश में भी कार्यालय खोलकर लगातार तैयारी की है। केंद्रीय गृह मंत्री को दिखाने के लिए प्रेजेंटेशन भी तैयार किया गया है।

गृह मंत्री बनने के बाद पहली बार झारखंड दौरे पर

गृह मंत्री बनने के बार राजनाथ सिंह पहली बार झारखंड आ रहे हें। इसके पूर्व वह हमेशा ही भाजपा के नेता के रूप में झारखंड आते रहे हैं। वह काफी दिनों तक झारखंड में भाजपा के प्रदेश प्रभारी भी रहे हैं। इसके अलावा वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद भी लगातार झारखंड आते रहे हैं। लेकिन इस बार वह भाजपा नेता के तौर पर नहीं केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में राज्य की जनता के सामने होंगे। उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारियों का भी दल झारखंड आ रहा है।
सुबह 10.45 बजे रांची पहुंचेंगे केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को झारखंड दौरे पर रांची आ रहे हैं। वह दिन के करीब 10 .45 बजे बीएसएफ के विशेष विमान से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनकी सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। सिंह को जेड प्लस की सुरक्षा उपलब्ध करायी गयी है। वे एनएसजी प्रोटेक्टी भी हैं। सिंह शाम 7 .30 बजे वापस दिल्ली लौटेंगे। इस बीच वह सीआरपीएफ कैंप का निरीक्षण करेंगे और शाम पांच बजे राजभवन में राज्य सरकार के सीनियर अफसरों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
इधर, उनके रांची में भ्रमण के दौरान शहर के सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में एमसीसी व अन्य उग्रवादियों की बढ़ती गतिविधि को देखते कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। करीब एक दर्जन मजिस्ट्रेट समेत कई पुलिस अफसरों की तैनाती की गयी है।
इस संबंध में उपायुक्त विनय कुमार चौबे व एसएसपी प्रभात कुमार ने संयुक्त आदेश जारी कर दिया है। सुरक्षा व्यवस्था में एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड आदि की व्यवस्था की गयी है। सुरक्षा व्यवस्था के वरीय प्रभार में एसडीओ अमित कुमार व हटिया डीएसपी निशा मुर्मू और सिटी डीएसपी सनत कुमार सोरेन रहेंगे। सेफ हाउस के रूप में एयरपोर्ट के वीआईपी लाउंज को चिन्हित किया गया है।
वहीं, आपात स्थिति से निबटने के लिए रिम्स को तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। इससे पूर्व एयरपोर्ट पर जैप वन के जवानों द्वारा गृहमंत्री को सलामी दी जाएगी।