फोटो : नेपाल हाउस सचिवालय का घेराव करते कर्मचारी।
रांची। झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के बैनर तले सिंचाई कर्मचारियों ने सोमवार को नेपाल हाउस सचिवालय का घेराव किया। इस दौरान कर्मचारियों नेपाल हाउस सचिवालय के निकासी गेट को जाम कर दिया। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कर्मचारियों का आरोप था कि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। करीब दो घंटे के जाम के बाद सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा मांगों पर उचित आश्वासन दिए जाने के बाद जाम हटाया गया।
महासंघ के महासचिव सुबल किशोर ठाकुर ने बताया कि लघु सिंचाई में कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों को नियमित किया गया। हालांकि इन्हें एक अप्रैल २००७ से बकाये वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। सर्वोच्च न्यायालय की ओर से भी इस संबंध में आदेश पारित किया गया है। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने के कारण ही कर्मचारियों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ रहा है।
प्रमुख मांगें
> लघु सिंचाई में कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों को 1.4.2007 से बकाया वेतन का भुगतान
> एक सितंबर 1985 को आधार मानकर दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को पेंशन का लाभ
> योग्यताधारी कर्मचारियों को तृतीय वर्ग में प्रोन्नति
> बिहार अवधि के बकाया वेतन का भुगतान सुनिश्चित करना।
फोटो : पवन कुमार।