पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • राजनाथ आज आएंगे रांची, सभी जिलों के लिए विशेष सहायता पैकेज मांगेगा झारखंड

राजनाथ आज आएंगे रांची, सभी जिलों के लिए विशेष सहायता पैकेज मांगेगा झारखंड

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फाइल फोटो - केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह।

रांची।
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह आज झारखंड में हैं। वह विशेष विमान से करीब सवा 12 बजेे रांची पहुंचे और हेलिकॉप्टर से सारंडा के लिए रवाना हो गए। वे वहां सीआरपीएफ कैंप का निरीक्षण करेंगे। सारंडा से लौटकर वे यहां रांची में मुख्यमंत्री सहित आईएएस और आईपीएस अफसरों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। इसमें झारखंड की ओर से राज्य के सभी जिलों के लिए विशेष सहायता पैकेज की मांग की जाएगी।
नक्सल प्रभावित राज्य होने के कारण अभी 17 जिले इंटीग्रेटेड एक्शन प्लान (आईएपी) के दायरे में हैं। इन जिलों को केंद्र की ओर से विशेष सहायता राशि प्रदान की जाती है। केंद्रीय गृह मंत्री से राज्य मांग करेगा कि सभी 24 जिलों को आईएपी के दायरे में लाकर विशेष पैकेज दिया जाएगा।
इधर, इसे लेकर मुख्यमंत्री ने सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में उच्चस्तरीय बैठक कर कहा कि उग्रवाद से निपटने में केंद्र का सहयोग जरूरी है। आगामी छह माह की कार्ययोजना बननी चाहिए। केंद्र एवं राज्य सरकार के सामूहिक प्रयास से उग्रवाद से निपटने में आसानी होगी।

आत्मसमर्पण के बाद नक्सलियों का हो बीमा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मसमर्पण के बाद नक्सलियों को आम लोगों की तरह सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिलना चाहिए। उन्हें भी जीवन बीमा का लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए बीमा कंपनियों को निर्देश देते हुए केंद्र के समक्ष प्रस्ताव रखा जाए।

सारंडा प्रोजेक्ट : पंचायत सचिवालय भवन शीघ्र बने
सीएम ने कहा कि सारंडा प्रोजेक्ट के तहत आनेवाली पंचायतों में पंचायत सचिवालय भवन का निर्माण शीघ्र हो। आदर्श ग्राम विकसित कर सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएं।