रांची। झारखंड के ऊर्जा विभाग को नहीं पता है कि उसके यहां कितने आदिवासी व दलित परिवारों के यहां बिजली का कनेक्शन लगा हुआ है। इस बात का खुलासा मंगलवार को विधानसभा की कल्याण समिति की बैठक में हुआ। विधानसभा की समिति राज्य में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजातियों की स्थिति की समीक्षा को लेकर बैठक बुलाई थी। इस बैठक में सभी विभागों से वैसी योजनाओं का ब्यौरा मांगा गया था। जो समाज के इन कमजोर तबके को ध्यान में रख कर चलाया जा रहा है। जिसमें सभी विभागों ने अपने अपने प्रतिवेदन रखा।
वहीं ऊर्जा विभाग ने एसटी एससी परिवारों के पास बिजली पंहुची है या नहीं इस पर कोई आंकड़ा नहीं रख सकी। ऊर्जा विभाग के प्रतिनिधि ने विधानसभा की समिति को बताया कि वह बीपीएल परिवार को कनेक्शन देता है और इसमें जाति नहीं पूछता है।