रांची। रांची यूनिवर्सिटी प्रशासन सिल्ली कॉलेज को एफिलिएशन-एक्सटेंशन देने के लिए अवकाश के दिन निरीक्षण करेगा। निरीक्षण के लिए 25 सितंबर की तिथि निर्धारित की गई है। इस दिन कलश स्थापना की छुट्टी है। इसके बाद भी विवि ने निरीक्षण के लिए टीम गठित कर दी है। इसमें डीन साइंस डॉ. रमेश पांडेय, डीन सोशल साइंस डॉ. करमा उरांव, डीन ह्यूमिनिटी डॉ. एसएनपीएन सिंह शाही, कालेज निरीक्षक साइंस डॉ. केसी झा और कालेज निरीक्षक कला डॉ. जेबी पांडेय शामिल हैं।
अवकाश होने के कारण कॉलेज में कॉलेज फैकल्टी और कर्मचारी कॉलेज में नहीं आएंगे। ऐसे में लाइब्रेरी, लैब समेत अन्य जांच पर सवालिया निशान उठना स्वाभाविक है।
इधर, सीनेट सदस्यों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। इनका कहना कि अवकाश के दिन किसी भी कॉलेज का निरीक्षण नहीं होना चाहिए। सीनेट सदस्य प्रतुल शाहदेव और डॉ. भीम प्रभाकर ने कहा कि यह निरीक्षण के नाम पर खानापूर्ति होगी, क्योंकि अवकाश के दिन किसी भी जांच संभव नहीं है।