पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • गृहमंत्री सारंडा में, जवानों से पूछ रहें हैं क्या है समस्या

गृहमंत्री सारंडा में, जवानों से पूछ रहें हैं क्या है समस्या

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फोटो - सारंडा में हेलिकॉप्टर से उतरने के बाद थलकोबाद स्थित सीआरपीएफ कैंप जाने के लिए बाइक स्टार्ट करते गृह मंत्री राजनाथ सिंह।
रांची। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को नक्सल प्रभावित इलाके में खुद बाइक चलाकर सीआरपीएफ कैंप पहुंचे। रांची आने के बाद वह हेलिकॉप्टर से सारंडा पहुंचे। वहां से थलकोबाद स्थित सीआरपीएफ़ कैंप पहुंचने के लिए मोटरसाइकिल का सहारा लिया। उनके साथ राज्य के डीजीपी राजीव कुमार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी थे। सारंडा को एशिया के सबसे घने जंगलों में से एक कहा जाता है। ऐसे संवेदनशील इलाके में जब गृह मंत्री ने खुद बाइक चलाने की बात कही तो वहां मौजूद अधिकारी अचंभित रह गए।
इंडियन एयर फोर्स के एमआई 17 हेलिकॉप्टर से उतरे
केंद्रीय गृह मंत्री के इंडियन एयर फोर्स के एमआई 17 हेलिकॉप्टर से थोलकोबाद में उतरते ही केंद्रीय सुरक्षा बल के निदेशक दिलीप त्रिवेदी, केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के सुरक्षा सलाहकार के. विजय कुमार, मुख्य सचिव सुधीर प्रसाद व डीजीपी राजीव कुमार के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। स्वागत के बाद उन्हें सीआरपीएफ कैंप ले जाने के लिए वाहन तैयार था, परंतु राजनाथ सिंह ने बाइक से ही जाने इच्छा जताई। इस पर तुरंत उनके लिए बाइक का इंतजाम किया गया। बाइक आते ही उस पर सवार सीआरपीऍफ़ के जवान को उन्होंने पीछे बैठने को कहा और खुद बाइक चलाने लगे। इस दौरान उन्होंने लगभग 800 मीटर दुर्गम रास्ते पर बाइक दौड़ाई।

आदिवासी महिलाओं को साड़ियां बांटी
कैंप पहुंचने पर केंद्रीय गृह मंत्री का गर्मजोशी से आदिवासी महिलाओं ने स्वागत किया, जिसके बाद उन्होंने आदिवासी महिलाओं के बीच साड़ियां बांटी। इसके बाद वे सुरक्षा बल के जवानों को संबोधित करने पहुंचे।
जवानों को सुनाई चन्द्रशेखर आजाद के जीवन की कहानी
अपने संबोधन में उन्होंने दुर्गम क्षेत्र में रह रहे तथा नक्सलियों से लोहा ले रहे जवानों की जमकर सराहना की और शहीद हुए जवानों की तुलना चंद्रशेखर आज़ाद और वीर भगत सिंह से करते हुए उन्हें उनकी कहानियां सुनाई। इस दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर में तैनात सेना के जवानों की तर्ज पर झारखंड में तैनात सीआरपीएफ़ जवानों को भी विशेष भत्ता देने की घोषणा की। घोषणा सुनकर जवानों ने जमकर तालियां बजाई। उन्होंने आगे कहा कि उनकी इच्छा थी कि उन बीहड़ क्षेत्रों में जाने की थी जहां बीएसऍफ़ व सीआरपीऍफ़ के जवान ड्यूटी करते हैं। उन्होंने कैंप में आकर जवानों के साथ कुछ पल बिताने को अपना सौभाग्य कहा। उन्होंने उन माताओं को भी नमन किया, जिन्होंने इन वीर जवानों को पैदा किया। उन्होंने आगे कहा कि जवानों के पास बिस्तर नहीं हैं, परंतु उनमें पराक्रम में कोई कमी नहीं है। उन्होंने सारंडा को सुरक्षित करने के लिए वीर जवानों की तारीफ़ की।

इंसास की जगह एके-47 से लैस होंगे जवान
इसके बाद राजनाथ ने जवानों से उनकी समस्याएं जानने की इच्छा जताई, जिसके बाद एक जवान ने बुलेट प्रूफ जैकेट की जरूरत बताई। इसपर राजनाथ सिंह ने जैकेट तुरंत उपलब्ध कराने का निर्देश अधिकारियों को दिया। एक जवान ने छुट्टी जाने पर रिस्क अलाउंस काटे जाने की शिकायत की, जिसे राजनाथ ने तुरंत तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश जारी किया। इसके साथ ही बुलेट प्रूफ हेलमेट व AK-47 राइफल इत्यादि देने की घोषणा भी सिंह ने की। उन्होंने जवानों के साथ खाना भी खाया।
केंद्रीय मंत्री को अपने नजदीक पाकर सभी जवान गदगद रहे। मंत्री ने पुरस्कार स्वरूप केंद्रीय सुरक्षा बल के 197 बटालियन को एक लाख रुपए नकद भी दिए। इस दौरान लगभग डेढ़ घंटे तक मंत्री जवानों के साथ रहे।
पूरा प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
राजनाथ की अगवानी के लिए समूचा प्रशासनिक अमला थोलकोबाद में मौजूद रहा। मौके पर मुख्य सचिव सुधीर प्रसाद, डीजीपी राजीव कुमार, केंद्र सरकार के सलाहकार के. विजय कुमार, सीआरपीएफ के निदेशक दिलीप त्रिवेदी, केंद्रीय गृह सचिव गणपत, सीआरपीएफ़ के आईजी आर के मिश्रा, जिले के उपायुक्त अबुबकर सिद्दीकी, कोल्हान रेंज के डीआईजी मो. निहाल, चाईबासा के एसपी नरेंद्र कुमार, किरीबुरु के एसडीपीओ अंजनी झा, डीऍफ़ओ साउथ सर्किल एस आर नटेश समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बीएफएफ के विमान से पहुंचे रांची
राजनाथ सिंह बीएसएफ के विमान से तय समय से एक घंटा देरी से रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर बीजेपी नेताओं ने उनकी अगवानी की। एयरपोर्ट पर झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवीद्र राय, पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा, धनबाद के सांसद पीएन सिंह समेत अन्य नेता पहले ही पहुंच गए थे।
सीएम समेत शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक
सीआरपीएफ कैंप का दौरा करने के बाद राजनाथ सिंह ने राजभवन में सीएम हेमंत सोरेन समेत प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नक्सल समस्याओं पर समीक्षा बैठक की।
आगे देखें, नक्सली इलाके में बाइक चलाते केंद्रीय गृह मंत्री की और भी तस्वीरें...
फोटो - रजनीकांत पाठक।