- Hindi News
- पाइप लीकेज की समस्या दूर करे नगर निगम: मुख्य सचिव
पाइप लीकेज की समस्या दूर करे नगर निगम: मुख्य सचिव
पेयजलापूर्ति पर की उच्च स्तरीय बैठक
रांची। मुख्य सचिव सुधीर प्रसाद ने रांची नगर निगम के अधिकारियों को हाउस कनेक्शन, पाइप लीकेज मरम्मत, प्लम्बर की सुविधा आदि कार्यों की व्यवस्था को सुचारू रूप से करने का निर्देश दिया है। वे बुधवार को की प्रोजेक्ट भवन स्थित कार्यालय में आज राज्यान्तर्गत नगर निकाय की शहरी जलापूर्ति योजनाओं के संचालन एवं संपोषण के दायित्व हेतु पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की एक उच्च स्तरीय बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अंतर्गत आनेवाले सभी वार्डों में प्लंबरों की संख्या बढ़ायी जाए। वाटर टावर कार्यालय में वार्ड कमिश्नर आदि के बैठने की व्यवस्था की जाय। उन्होंने नगर निगम रांची के कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वाहन सही ढंग से करने को कहा।
मुख्य सचिव ने जमशेदपुर,देवघर एवं धनबाद जलापूर्ति योजना के लिए जुडको के अधिकारियों को जल्द से जल्द डीपीआर बनाने का निर्देश दिया। मुख्य सचिव ने लोहरदगा,सिमडेगा एवं गिरिडीह में नगर पंचायतों द्वारा किये गये स्वयं शहरी जलापूर्ति संचालन के बेहतर कार्यों की प्रशंसा की और कहा इन जिलों में नगर पंचायतों द्वारा स्वयं शहरी जलापूर्ति संचालन अपने हाथों में लेकर अच्छा कार्य किया है। उन्होंने इनके द्वारा किये गये कार्यों के लिए प्रशंसा पत्र दिये जाने के अलावा उन्होंने वित्तीय रिवार्ड देने की भी बात कही। बैठक में संबंधित विभाग द्वारा कुछ महत्वपूर्ण एजेंडों को लेकर अधिकारियों ने धनबाद,जामताड़ा,चाईबासा,चिरकुंडा,गढ़वा एवं चतरा शहर में चल रहे जलापूर्ति संचालन कार्यों की पूरी जानकारी मुख्य सचिव को दी । मुख्य सचिव ने जलापूर्ति संचालन के विकास और इसके कार्यान्वयन के लिए कई जरूरी दिशा निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिये। बैठक में मुख्य सचिव ने आदित्यपुर जलापूर्ति संचालन को पीपीपी मोड पर चलाये जाने की बात भी कही। बैठक में प्रधान सचिव नगर विकास विभाग अजय कुमार सिंह, नगर निगम रांची के सीईओ मनोज कुमार, मुख्य अभियंता पेयजल विभाग रामविलास सिन्हा, अधीक्षण अभियंता रामप्रवेश सिंह सहित संबंधित विभाग अन्य अधिकारी उपस्थित थे।