मजदूर नेता राजेश सिंह गिरफ्तार
फोटो संख्या - ४
शहजादा सरफराज।सिमडेगा
सदर पुलिस ने थोमस सोरेंग फुटबॉल आयोजन समिति अध्यक्ष सह मजदूर नेता राजेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। राजेश की गिरफ्तारी उनके सलडेगा टोंगरीटोली स्थित घर से हुई। थाना प्रभारी एके महथा ने मंगलवार की रात मजदूर नेता के घर पर छापा मारा था। १६ अगस्त २०१४ को मजदूर नेता तथा जिप सदस्य नील जस्टिन बेक के खिलाफ अनुमंडल पदाधिकारी कार्तिक प्रभात ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए अधिकारियों से राशि वसूली करने तथा डीसी को भी फोन करके राशि मांगने की शिकायत दर्ज की गई थी। साथ ही १५ अगस्त के दिन फुटबॉल टूर्नामेंट समापन के दौरान मजदूर नेता तथा जिप सदस्य द्वारा डीसी के खिलाफ माइक पर दुष्प्रचार करने का भी आरोप लगा था। उक्त मामले में दोनों नेताओं को पुलिस कई दिनों से खोज रही थी।