रांची। नवरात्रा शुरू होते ही शहर में पूजा का माहौल दिखने लगा है। मंदिरों में भीड़ बढ़ गई है, वहीं पूजा पंडालों का निर्माण तेज हो गया है। इसे देख शहर के जनप्रतिनिधियों को शहर की याद आ गई है। मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय और पार्षदों ने गुरुवार को शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
रांची लेक के आसपास बने डंपिंग यार्ड की शिकायत पर सभी प्रतिनिधि वहां पहुंचे। इसके बाद उन्होंने लेक के किनारे और किशोरगंज, पुरानी रांची, राजस्थान मित्र मंडल, अपर बाजार सहित अन्य क्षेत्रों में साफ सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया।
सफाई की स्थिति काफी खराब देख मेयर ने निगम अधिकारियों को दो दिनों के अंदर व्यवस्था में सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जहां पर अतिरिक्त मजदूर और वाहन लगाने की जरूरत है वहां पर लगाए। लेकिन किसी भी हाल में कचरा का ढेर नहीं दिखना चाहिए।
मालूम हो कि पिछले एक माह से विभिन्न पूजा समितियों की ओर से शहर की सफाई की मांग की जा रही है। इसके बाद भी व्यवस्था में किसी तरह का सुधार नहीं हुआ। पूजा शुरू होने के बाद सफाई तेज करने का प्रयास शुरू हुआ।