पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • फेस्टिवल सीजन का शानदार आगाज नवरात्र शुरू होते हीं दुकानों में जबरदस्त भीड़, ग्राहकों में उत्साह

फेस्टिवल सीजन का शानदार आगाज नवरात्र शुरू होते हीं दुकानों में जबरदस्त भीड़, ग्राहकों में उत्साह चरम पर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रांची : पितृपक्ष खत्म होने और नवरात्र शुरू होने के साथ ही दीपावली तक चलने वाले फेस्टिवल सीजन का शानदार आगाज गुरुवार को हो गया है। ज्वेलरी, ऑटोमोबाइल, रियल एस्टेट, इलेक्ट्रानिक्स समेत पूरे कारोबारी जगत में इस वर्ष काफी उत्साह का माहौल है। एन वक्त पर खरीदारी की मारामारी से बचने और स्टॉक समाप्ति के डर से ग्राहकों ने त्योहारी खरीद शुरू कर दी। कारोबारी विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार बाजार की सेंटिमेंट काफी उत्साह वर्धक हैं। मानसून के अंत में बारिश अच्छी होने से ग्रामीण क्षेत्रों में भी नया जोश देखा जा रहा है। लोग दुर्गा पूजा की खरीदारी में जुट गए हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक दीपावली के अवसर पर रूटीन खरीदारी के मुकाबले बाजारों में करीब २० फीसदी की अतिरिक्त बिक्री हो जाती है। इसमें वेतनभोगी वर्ग की अहम भूमिका रहती है जो अपने बोनस की पूरी राशि के अलावा एडवांस रकम लेकर इस पर्व को मनाने में आगे रहता है।
क्यों बढ़ेगी बिक्री
नवरात्र में खरीदारी को शुभ माना जाता है।
बोनस की राशि बाजार में
नए-नए मॉडलों की आपूर्ति
ऑफर्स की भरमार
नए स्टॉक की उपलब्धता
त्योहार पर जरूरत की खरीदारी
दुर्गा पूजा में कपड़ों की खरीदारी का शुभ माना जाना
इस समय महंगाई भी नियंत्रण में हैं
मानसून खत्म होते-होते उम्मीद के अनुरूप बारिश होने से ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्साह

ऑटोमोबाइल सेगमेंट में १५ से २० फीसदी की ग्रोथ की उम्मीद
फेस्टिवल सीजन में इस बार ऑटोमोबाइल सेगमेंट में पिछले साल के मुकाबले १५ से २० फीसदी की ग्रोथ की उम्मीद है। कार कंपनियों के नए-पुराने मॉडलों की मांग निकलने लगी है। इससे वाहन उद्योग में अच्छे दिन आ गए हैं। एक सप्ताह के भीतर ही शोरूमों पर इन्क्वायरी और बुकिंग बढ़ गई है। शोरूम में आम दिनों की तुलना में ग्राहकों की संख्या चौगुना से भी ज्यादा है। अभी ऑफरों का लाभ उठाने से भी ग्राहक नहीं चूकना चाह रहे हैं।
पुनीत कुमार पोद्दार, सीएमडी, प्रेमसंस मोटर्स
जेवर दुकानों में ग्राहकी हुई मजबूत
सोने और चांदी के भावों में आई नरमी से जेवर दुकानों में ग्राहकी मजबूत होने लगी है। नवरात्र शुरू होते ही जेवर बाजार में धूम है। इस बार दीपावली तक चलने वाले त्योहारी सीजन में कारोबार पिछले साल के मुकाबले २२ फीसदी तक बढ़ने की आशा है। धनतेरस के समय कारोबार चौगुना होने की उम्मीद है।
-प्रदीप कुमार, उपाध्यक्ष, झारखंड सर्राफा एसोसिएशन
कपड़ा बाजार में गुरुवार को पहले दिन ही रांची शहरी क्षेत्र में करीब २० करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार हो गया। पिछले दिन की तुलना में गुरुवार को पांच गुणा ज्यादा भीड़ जुटी। दुकानों में जबरदस्त भीड़ रही। लोगों में खरीदारी को लेकर जबरदस्त उत्साह है। इस पूरे नवरात्र में १०० करोड़ रुपए से ज्यादा के कपड़ों की बिक्री का अनुमान है।
-प्रवीण लोहिया, अध्यक्ष, झारखंड थोक वस्त्र विक्रेता संघ
झारखंड के रियल एस्टेट सेगमेंट में अभी निवेश का सबसे अच्छा मौका है। त्योहार पर नए आवासीय परिसर अथवा कॉमर्शियल यूनिट का मुहूर्त सबसे शुभ माना जाता है। सही मायने में इस समय वास्तविक यूजर के लिए कीमतें काफी उचित और तर्कसंगत हैं। डिमांड को देखते हुए अगले एक-डेढ़ माह में कीमतें १० से १५ फीसदी तक बढ़ने के प्रबल आसार हैं।