रांची। रांची के स्ट्रीट चिल्ड्रन जो पढ़ना चाहते हैं लेकिन किसी कारणवश पढ़ नहीं पाते उनके लिए अच्छी खबर है। शहर के पांच स्कूलों में इन बच्चों के लिए शिक्षा विभाग उत्प्रेरण केंद्र खोलने जा रहा है। इन केंद्रों पर स्ट्रीट चिल्ड्रन को न सिर्फ पढ़ाया जाएगा, बल्कि इन्हें केंद्र में आकर खुद को नहा धोकर साफ करने, अपने कपड़ों को साफ करने की सुविधा मिलेगी।
बच्चों को केंद्र में ही नि:शुल्क किताबें और भोजन भी दी जाएगी। गौरतलब हो की रांची शहर में सैकड़ों की संख्या में स्ट्रीट चिल्ड्रन दिन भर इधर उधर भटकते है। अब ये अपने काम के साथ कभी भी सुबह सात से शाम सात के बीच केंद्र में जाकर पढ़ाई कर सकते है।
यहां खुलेंगे केंद्र
उत्प्रेरण केंद्र शहर के पांच स्कूलों में खोले जाएंगे। ये मध्य विद्यालय हिंदपीढ़ी, मध्य विद्यालय कांटाटोली, मध्य विद्यालय हटिया, मध्य विद्यालय कडरू और मध्य विद्यालय जगन्नाथपुर के परिसर में संचालित होंगे। इन केंद्रों कों संचालित करने के लिए केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष २०१४-१५ के तहत राशि उपलब्ध कराई है। प्रत्येक केंद्र पर वर्ष भर इन स्ट्रीट चिल्ड्रन को पढ़ाने पर दो दो लाख रुपए विभाग की ओर से खर्च किए जाएंगे।
प्रत्येक केंद्र पर होंगे 50-50 बच्चे
प्रत्येक उत्प्रेरण केंद्र में ५०-५० स्ट्रीट चिल्ड्रन का नामांकन लिया जाएगा। कुल २५० बच्चों को एक वर्ष तक उनके उम्र के हिसाब से कक्षा की तैयारी करवाई जाएगी। ताकि अगर ये नियमित स्कूल में जाना चाहे तो इनका नामांकन कराया जा सके।
एडमिशन शुरू हो गया है
" स्ट्रीट चिल्ड्रन को ढूंढ कर एडमिशन लिया जा रहा है। जिन केंद्रों पर केंद्र संचालित किए जाने है वहां विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। प्रयास है कि पूजा के बाद इन केंद्रों पर पढ़ाई नियमित रूप से संचालित हो।" - जयंत कुमार मिश्र, डीएसई, रांची।