रांची। कचहरी चौक स्थित इंप्लायमेंट एक्सचेंज में करियर हेल्पलाइन सह कॉल सेंटर का उद्घाटन श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री केएन त्रिपाठी ने किया। इस मौके पर थोड़ी देर के लिए वह सेंटर पर बैठे, तभी एक फोन आया। कॉलर ने उधर से खुद को एक बेरोजगार लकड़ा के रूप में अपना नाम नवीन मिश्रा और पता अतौला, गढ़वा बताया और जानकारी मांगी। इधर, मंत्री फोन रिसीवर पकड़े हुए थे। मंत्री ने कहा कि मैं मंत्री केएन त्रिपाठी बोल रहा हूं। आप अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते है, यह सेंटर आठ घंटे खुला रहेगा। यहां से करियर संबंधी जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। यह टोल फ्री नंबर है।
सेंटर के उद्घाटन के बाद मंत्री ने घोषणा जल्द ही राज्यभर के इंप्लायमेंट एक्सचेंज का नाम बदलकर झारखंड करियर सेंटर करने की घोषणा की। इसकी तैयारी शुरू हो चुकी है। इसका मकसद होगा शिक्षित बेरोजगार युवकों को रोजगार मुहैया कराने के साथ साथ जो बच जाते हैं उनके लिए ट्रेनिंग देना। ताकि वे लोन लेकर स्वरोजगार कर सकते हैं। लोन पर उन्हें कोई ब्याज नहीं देना होगा। ब्याज सरकार देगी। कहा कि राज्य में करीब 40 से 50 लाख बेरोजगार युवक युवतियां है।
वेब पोर्टल पर कराएं रजिस्ट्रेशन
विभाग के सचिव राहुल शर्मा ने कहा कि अब युवक युवतियों को इंप्लायमेंट एक्सचेंज में आकर रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं है। अब वे अपने कॉलेज, घर या इंटरनेट कैफे से ही रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं और कागजातों को डाउनलोड कर सकते हैं। वहीं, जो कंपनियां है वे भी जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन करा लें। क्योंकि अब उन्हें भी अपने लिए उम्मीदवारों को खोजने के लिए भटकने की जरूरत नहीं है। वे हमारे पोर्टल पर जाकर सही कंडीडेट का चुनाव कर सकते हैं।
निबंध पखवाड़ा अक्टूबर में
विभाग की ओर से कंपनियों को इंप्लायमेंट एक्सचेंज में रजिस्ट्रेशन के लिए पखवाड़ा शुरु करेगी। यह पखवाड़ा एक अक्टूबर से १४ अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इसकी सूचना सभी कंपनियों को भेजी जा रही है। जल्द ही रांची में नेशनल करियर सविर्स शुरू की जाएगी।