रांची। दुर्गा पूजा के दौरान साफ सफाई में किसी तरह की परेशानी नहीं हो इसे देखते हुए नगर निगम पूरी तैयारी में लग गया है। दुर्गा पूजा के दौरान निगम के अधिकारी और कर्मचारी काम करेंगे। निगम सीईओ मनोज कुमार ने पूजा के दौरान सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों का अवकाश रद कर दिया है।
28 सितंबर से एक अक्टूबर तक होने वाले अवकाश को रद कर कर्मचारियों को अपने अपने काम में लगने का निर्देश दिया गया है। वहीं दो अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर घोषित अवकाश को भी रद कर दिया गया है।
गांधी जयंती के मौके पर पूरे शहर में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। निगम की ओर से इसकी भी तैयारी की जा रही है। पूजा के दौरान पूरा शहर साफ सुथरा हो इसलिए निगम सीईओ ने सफाई जमादारों को विशेष निर्देश दिया है। जमादारों को रात्रि से सुबह तक पंडालों में और दोपहर में पूरे शहर में सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया है, ताकि कहीं भी कूड़ा का ढेर नहीं दिखे।
पूजा समितियों की नाराजगी के बाद उठाया गया कदम
दुर्गा पूजा की कलश स्थापना होने के बाद भी शहर में साफ सफाई की खराब स्थिति से दुर्गा पूजा के आयोजक काफी नाराज है। गुरुवार को दैनिक भास्कर कार्यालय में आयोजित परिचर्चा में पूजा समितियों ने निगम और स्थानीय प्रशासन की व्यवस्था पर काफी नाराजगी व्यक्त की थी। इसके बाद सीईओ ने कर्मचारियों का अवकाश रद कर साफ सफाई, लाइट, कूड़ा का उठाव, ब्लीचिंग का छिड़काव पूरे शहर में करने का निर्देश दिया है।