पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सीट बंटवारे के फार्मूला पर बात करने दिल्ली जाएंगे सुखदेव

सीट बंटवारे के फार्मूला पर बात करने दिल्ली जाएंगे सुखदेव

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची। झारखंड में आसन्न विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस की तैयारी लगातार चल रही है। चुनाव में महा गठबंधन का निर्णय ले चुकी कांग्रेस जल्द से जल्द सीटों का बंटवारा भी चाहती है ताकि उम्मीदवारों की घोषणा जल्द हो और उन्हें चुनाव की तैयारी का पूरा मौका मिल सके।
सहयोगी दलों के साथ गठबंधन के लिए सीट का फार्मूला तय करने के लिए आलाकमान से बात करने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत दिल्ली जाएंगे। उनके साथ विधायक दल के नेता राजेंद्र प्रसाद सिंह भी दिल्ली जा सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष फिलहाल क्षेत्र में हैं वह शनिवार को बन्ना गुप्ता के मंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। 28 सितंबर को उनकी दिल्ली यात्रा प्रस्तावित है।

सहयोगी दलों के साथ सीट शेयरिंग को लेकर होगा मंथन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत एवं विधायक दल के नेता राजेंद्र प्रसाद सिंह प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के साथ बैठक कर झारखंड विधानसभा चुनाव 2014 में सहयोगी दलों को कितना सीट मिलना चाहिए और कांग्रेस को चुनाव लड़ने के लिए कितने सीटों पर दावा करना चाहिए, इस पर गहन मंथन किया जाएगा। इसके साथ ही महा गठबंधन के स्वरूप पर भी चर्चा होगी। दिल्ली की बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस झारखंड में अपने सबसे बड़े सहयोगी झामुमो के अलावा अन्य दलों से विचार विमर्श करेगी।

झामुमो चाहता है 50 सीट
झामुमो नेताओं द्वारा मीडिया में लगातार यह बयान दिया जा रहा है कि वह 50 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और शेष सीटों पर सहयोगी दल चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस इस मामले में सीधी प्रतिक्रिया देने से बच रही है। कांग्रेस ने सिर्फ इतना ही कहा है कि विधानसभा चुनाव उनकी पार्टी महा गठबंधन के साथ मिलकर लड़ेगी। पहले महा गठबंधन के दलों का फैसला होगा बाद में सीटें तय होंगी। कांग्रेस ने महा गठबंधन में झामुमो, राजद, जदयू का नाम लिया है और यह भी कहा है कि समान विचारधारा वाले अन्य दल भी इसमें शामिल हो सकते हैं।