रांची। कांग्रेस के विधायक बन्ना गुप्ता शनिवार को शाम सात बजे राजभवन के बिरसा मंडप हॉल में मंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्यपाल सैयद अहमद उन्हें शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण के लिए आवश्यक तैयारी पूरी हो चुकी है। बन्ना गुप्ता को शपथ ग्रहण करने के लिए पहले ही आमंत्रण भेजा जा चुका है। समारोह में शामिल होने के लिए अतिथियों को भी आमंत्रण भेजा गया है। प्रदेश कांग्रेस ने अपने अन्य मंत्रियों को इस कार्यक्रम में शामिल होने की सलाह दी है। शपथ ग्रहण में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा झारखंड सरकार के अन्य मंत्री, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत व कांग्रेस के अन्य वरीय नेता भी उपस्थित रहेंगे।
योगेंद्र साव की जगह लेंगे बन्ना
12 सितंबर को योगेंद्र साव के मंत्री पद से त्याग पत्र देने के बाद से ही बन्ना गुप्ता का नाम मंत्री के लिए चर्चा में था। बन्ना गुप्ता योगेंद्र साव के स्थान पर मंत्री बनाए जा रहे हैं। हेमंत सरकार के 12 वें मंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इसके पूर्व तीन मंत्री या तो हटाए जा चुके हैं या फिर त्यागपत्र दे चुके हैं। बन्ना गुप्ता के शपथ लेते ही हेमंत सरकार के मंत्रियों की कुल संख्या 12 हो जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह में राज्य सरकार के सीनियर अफसर भी शामिल होंगे। दूसरी तरफ राज्य सरकार के दो अन्य मंत्रियों हाजी हुसैन अंसारी एवं सुरेश पासवान पर भी त्याग पत्र का दबाव बढ़ा है।