- Hindi News
- झारखंड नरेगा वाच ने दी सीएम एवं ग्रामीण विकास मंत्री को बधाई
झारखंड नरेगा वाच ने दी सीएम एवं ग्रामीण विकास मंत्री को बधाई
रांची: झारखण्ड नरेगा वाच ने झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और ग्रामीण विकास मंत्री केएन त्रिपाठी को २६ सितम्बर को आहूत राज्य रोजगार गारंटी परिषद की मीटिंग में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय के लिए बधाई दी है। कहा है कि ये निर्णय झारखण्ड के नरेगा कार्यक्रम में बहुत बड़े स्तर पर सुधार ला सकते हैं और झारखण्ड से मजदूरों के पलायन को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। नरेगा वाच के संयोजक जवाहर मेहता ने दोनों नेताओं को बधाई दी है। कहा है कि अगर परिषद की मीटिंग में लिए गए निर्णय को ठीक से लागू किया जा सका तो झारखंड में नरेगा की तस्वीर ही बदल जाएगी।
राज्य रोजगार गारंटी परिषद की बैठक में लिए गए निर्णय
गर्भवती महिलाओं के लिए एक महीने का वैतनिक अवकाश, महिलाओं और वृद्धों के लिए अलग शिड्यूल ऑफ रेट, आदिम जनजाति समूहों के लिए दैनिक मजदूरी का भुगतान तथा प्रत्येक समूह के लिए विशेष कार्यों की पहचान, राज्य के रिवॉल्विंग फण्ड की १३० से ५०० करोड़ की बढ़ोत्तरी, चयनित कार्यों का स्वयं सहायता समूहों द्वारा कार्यान्वयन , भुगतान की प्रक्रिया को सप्ताह वार करना, विलंब भुगतान के लिए केंद्र सरकार के शिड्यूल के अनुसार मुआवजा पर ३ महीने से ज्यादा का विलंब होने पर १५०० से ३००० रु तक का मुआवजा एवं केंद्र सरकार से १५० दिनों के रोजगार गारंटी का आग्रह करना। इसके अलावा ग्राम सभा की मीटिंग और जन सुनवाई में हिस्सा लेने पर नरेगा मजदूरों को मजदूरी का भुगतान करना आदि।