- Hindi News
- ३० सितम्बर को कैबिनेट का घेराव करेंगे प्राथमिक शिक्षक
३० सितम्बर को कैबिनेट का घेराव करेंगे प्राथमिक शिक्षक
भास्कर संवाददाता, रांची।
उत्क्रमित वेतन निर्धारण पर लगी रोक को हटाने की मांग को लेकर अखिल झारखण्ड प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले राज्य के प्राथमिक शिक्षक ३० सितम्बर को होनेवाली कैबिनेट बैठक का प्रोजेक्ट भवन के समक्ष घेराव करेंगे। गौरतलब हो कि ३० जुलाई को राज्य मंत्रिपरिषद से पारित प्रस्ताव के आलोक में वित्त विभाग ने १३ अगस्त को संकल्प जारी किया था। सभी जिलों में ग्रुप डी, शिक्षक, आरक्षी, सचिवालय सहायक व राजपत्रित पदाधिकारियों का वेतन निर्धारण का कार्य चल रहा था, लेकिन बीच में ही ११ सितम्बर को वित्त सचिव राजबाला वर्मा ने इसके क्रियान्वयन पर रोक लगा दी। कैबिनेट के निर्णय के विपरीत इस पर रोक लगाये जाने से राज्य के ४०,००० शिक्षक आंदोलित है। इस मामले में मुख्यमंत्री ने भी मुख्य सचिव को समस्या का निराकरण करने के लिए निर्देश दिया था। जिसको देखते हुए संघ ने मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम स्थगित कर दिया था लेकिन मामले को विलंबित होता देख ३० सितम्बर को कैबिनेट का घेराव के लिए शिक्षकों ने कमर कस ली है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह, प्रदेश महासचिव राममूर्ति ठाकुर व संजय कुमार ने संयुक्त बयान जारी कर कहा है कि इस घेराव से संबंधित सूचना राज्य के मुख्य सचिव और मानव संसाधन विकास विभाग के सचिव को दे दी गई है। इधर घेराव को लेकर शनिवार को रांची जिले में बिजेंद्र चौबे की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें घेराव कार्यक्रम की रणनीति तैयार की गई। बैठक में संजय साहू, शैलेंद्र कुमार, प्रदीप गुप्ता, विनोद कुमार अनिल खलखो सहित काफी संख्या में शिक्षक उपस्थित थे।