- Hindi News
- बिजली वितरण निगम का दावा ,बस चालक की लापरवाही से हुआ हादसा
बिजली वितरण निगम का दावा ,बस चालक की लापरवाही से हुआ हादसा
भास्कर संवाददाता,रांची।
झारखंड बिजली वितरण निगम ने पलामू में हुए बस हादसा के लिए बस संचालक को जिम्मेवार ठहराया है। बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक केके वर्मा ने कहा कि यह घटना एनएच पर नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि बस को एनएच पर चलने का परमिट था,लेकिन वह एनएच के बदले लिंक रोड पर चल रही थी। वहीं बस के छत पर ओवरलोड सामान था। बस के उपर लदे मोटरसाइकल का संपर्क बिजली के तार से होने पर बस में आग लगी है। बिजली वितरण निगम के एमडी केके वर्मा ने बताया कि उन्होंने घटना स्थल पर पलामू के कार्यपालक अभियंता और सहायक अभियंता को भेजा था। जिनकी रिपोर्ट के अनुसार बिजली के तार दुरुस्त थे। बस पर लदी मोटरसाइकल बिजली के तार के संपर्क में आने के पांच सेकेंड बाद आपूर्ति बाधित हो गई। उन्होंने दावा किया कि यात्रियों की मौत करंट लगने से नहीं बस में आग लगने की वजह से हुई है। केके वर्मा ने बताया कि बिजली वितरण निगम की तरफ से सभी तरह के सुरक्षात्मक कदम उठाये गये थे , लेकिन बस चालक की लापरवाही के कारण दर्दनाक हादसा हुआ है।