रांची। दशहारा में झारखंड में बिजली संकट उत्पन्न हो सकता है। राज्य सरकार की प्रमुख बिजली उत्पादन कंपनी टीवीएनएल की एक यूनिट पिछले एक सप्ताह से खराब पड़ी हुई है, जिसे ठीक करने में टीवीएनएल प्रबंधन नाकाम साबित हो रहा है।
वहीं पीटीपीएस की मात्र एक यूनिट से ही उत्पादन हो रहा है। बिजली की किल्लत की शुरुआत रविवार से ही शुरु हो गई है। पूजा पंडालों के उद्घाटन के बाद यह संकट और बढ़ेगी, क्योंकि पंडालों को सजाने के लिए अतिरिक्त बिजली की जरूरत होती है। जिसके मुकाबले उत्पादन राज्य में नहीं हो रहा है।
वहीं निजी कंपनी आधुनिक पावर भी राज्य सरकार से करार के मुताबिक आपूर्ति नहीं कर रहा है। आधुनिक पावर को 120 मेगावाट आपूर्ति करना है, लेकिन वहां से केवल 40 मेगावाट ही बिजली मिल रही है। बिजली की कमी से पूजा के दौरान अंधेरा छा सकता है।
हालांकि, बिजली वितरण निगम का कहना है कि मंहगे दर पर बिजली खरीद कर आपूर्ति करने के लिए निगम तैयार है।