रांची। मानव संसाधन विकास विभाग ने रांची यूनिवर्सिटी समेत राज्य के पांचों विश्वविद्यालयों के शैक्षणिक व आधारभूत संरचना को विकास के लिए 140 करोड़ रुपए वित्तीय वर्ष 2014-15 के लिए लिए स्वीकृत किए हैं।
हायर एजुकेशन डायरेक्टर डॉ. डीएन ओझा ने दिल्ली से सोमवार को
मोबाइल पर बताया कि एचआरडी द्वारा पूर्व में विश्वविद्यालयों को दी गई राशि का यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट के बगैर फूटी कौड़ी भी नहीं देंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यूटिलाइजेशन दो और पैसा ले जाओ। लेकिन एक भी विश्वविद्यालय ने इस वित्तीय वर्ष में सात माह बीत जाने के बाद भी यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट नहीं दिया है।
इससे यह पता चलता है कि यूनिवर्सिटी उच्च शिक्षा के विकास को लेकर कितना गंभीर है। गौरतलब है कि रांची यूनिवर्सिटी समेत पांचों विश्चविद्यालयों के एक साल पहले भी 110 करोड़ रुपए डूब ( चुका है। यह राशि वर्ष 2013-14 के लिए आवंटित की गई थी। उस समय भी मानव संसाधन विकास विभाग द्वारा बार-बार वर्ष 2012-13 का यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट मांगा गया, लेकिन किसी भी विश्वविद्यालय द्वारा जमा नहीं किया। इसका परिणाम यह हुआ कि एक पैसा भी किसी विश्वविद्यालय को नहीं मिला।