पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कैबिनेट बैठक का घेराव करेंगे राज्य भर के प्राथमिक शिक्षक

कैबिनेट बैठक का घेराव करेंगे राज्य भर के प्राथमिक शिक्षक

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता, रांची।
उत्क्रमित वेतन निर्धारण पर लगी रोक को हटाने की मांग को लेकर राज्य के प्राथमिक शिक्षक ३० सितम्बर को होनेवाली कैबिनेट बैठक का प्रोजेक्ट भवन के समक्ष घेराव करेंगे। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। अखिल झारखण्ड प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले घेराव १२ बजे दिन में किया जाएगा। घेराव में हिस्सा लेने के लिए सभी जिलों के शिक्षक रांची आ रहे है। गौरतलब हो कि ३० जुलाई को राज्य मंत्रिपरिषद से पारित प्रस्ताव के आलोक में वित्त विभाग ने १३ अगस्त को संकल्प जारी किया था। सभी जिलों में ग्रुप डी, शिक्षक, आरक्षी, सचिवालय सहायक व राजपत्रित पदाधिकारियों का वेतन निर्धारण का कार्य चल रहा था, लेकिन बीच में ही ११ सितम्बर को वित्त सचिव राजबाला वर्मा ने इसके क्रियान्वयन पर रोक लगा दी। कैबिनेट के निर्णय के विपरीत इस पर रोक लगाये जाने से राज्य के ४०,००० शिक्षक आंदोलित है। इस मामले में मुख्यमंत्री ने भी मुख्य सचिव को समस्या का निराकरण करने के लिए निर्देश दिया था। जिसको देखते हुए संघ ने मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम स्थगित कर दिया था लेकिन मामले को विलंबित होता देख ३० सितम्बर को कैबिनेट का घेराव के लिए शिक्षकों ने कमर कस ली है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह, प्रदेश महासचिव राममूर्ति ठाकुर व संजय कुमार ने संयुक्त बयान जारी कर कहा है कि इस घेराव से संबंधित सूचना राज्य के मुख्य सचिव और मानव संसाधन विकास विभाग के सचिव को दे दी गई है।