रांची। डीसी विनय कुमार चौबे ने कहा है कि चुनाव की समाप्ति के बाद जिन विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदानकर्मियों को चुनाव ड्यूटी दिया गया है। उन्हें पंडरा स्थित स्ट्रांग रूम में नहीं जाना है। वे मतदान के बाद इवीएम, वीवी पैट सील करने के बाद बूथ से ही अपने घर लौट जाएंगी। सिर्फ पुरुष मतदानकर्मी ईवीएम, वीवी पैट लेकर स्ट्रांग रूम में आएंगे और ईवीएम को जमा कराएंगे।
पांचों विधानसभा में सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा। लेकिन, सिल्ली और खिजरी में दिन के तीन बजे मतदान समाप्त हो जाएगा। वहीं, रांची, हटिया और कांके में शाम पांच बजे तक मतदान होगा।
प्रत्येक पीठासीन पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि अगर मतदाता सिर्फ वोटर पर्ची लेकर मतदान करने आता है, तो उसे वोट देने देंगे। रांची, हटिया, कांके विधानसभा के सभी बूथों पर वीवी पैट मशीन उपलब्ध रहेगा। इस मशीन की खासियत यह है कि मतदाता को अपने द्वारा किए गए वोट का चुनाव चिन्ह और प्रत्याशी के नाम का पर्ची दिखेगा। उक्त पर्ची बाहर नहीं निकलेगी, लेकिन मतदाता देख सकते हैं।
डीसी चौबे ने बताया कि मतदान के बाद स्ट्रांग रूम में ईवीएम जमा करने के लिए पंडरा स्थित स्ट्रांग रूम में सुविधाएं बढ़ा दी गयीं हैं। प्रत्येक विधानसभा वार अलग-अलग काउंटरों की संख्या बढ़ायी गयी है। प्रत्येक काउंटर से 60 ईवीएम जमा किए जाएंगे।