रांची। पारा शिक्षक की हत्या के आरोप में सिमडेगा जेल भेजे गए पूर्व मंत्री एवं विधायक एनोस एक्का को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार में स्थानांतरित करने का आदेश जारी किया गया है। जेल आईजी शैलेंद्र भूषण ने एनोस को सशर्त हस्तांतरित करने की अनुमति दी है। आईजी ने अपने आदेश में कहा है कि जेल से स्थानांतरण के पूर्व संबंधित न्यायालयों को इसकी जानकारी देते हुए उनकी भी सहमति प्राप्त की जाए। आईजी के आदेश में यह भी कहा गया कि एनोस की सिमडेगा के कोर्ट में पेशी का काम वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाए। अगर कोर्ट का आदेश सशरीर उपस्थित करने का होता है तो फिर पूरी सुरक्षा के साथ उन्हें न्यायालयों में पेशी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। संबंधित जिले के एसपी को सुरक्षा का इंतजाम किया जाना है। मेडिकल जांच के बाद ही कैदी एनोस का स्थानांतरण करने को कहा गया है।
जेल अधीक्षक ने दिया था प्रस्ताव
सिमडेगा मंडल कारा में उच्च श्रेणी के कैदी एनोस एक्का को सुरक्षात्मक दृष्टिकोण एवं प्रशासनिक आधार पर बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार स्थानांतरित करने का प्रस्ताव दिया गया था। इस प्रस्ताव पर सिमडेगा के डीसी ने भी अपनी अनुशंसा जेल आईजी शैलेंद्र भूषण से की थी। इसी आधार पर जेल आईजी ने एनोस एक्का के जेल स्थानांतरण से संबंधित आदेश जारी किया है। यह आदेश गत पांच दिसंबर को ही जारी किया गया है लेकिन अब तक उन्हें स्थानांतरित नहीं किया जा सका है।