पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • प्रधानमंत्री आज आएंगे झारखंड, धनबाद में करेंगे चुनावी सभा को संबोधित

प्रधानमंत्री आज आएंगे झारखंड, धनबाद में करेंगे चुनावी सभा को संबोधित

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फोटो : धनबाद में जनसभा को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश भाजपा के अन्य नेता।
रांची/धनबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धनबाद में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मंगलवार को कहा कि तीस साल बाद दिल्ली में अब पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है। इसमें झारखंड का बहुत बड़ा योगदान है। झारखंड के लोगों ने देश के लिए बड़ा काम किया है। अब झारखंड के लिए बड़ा काम करना है। दिल्ली की तरह झारखंड में भी प्रधानमंत्री ने जनता से बहुमत वाली सरकार बनाने की अपील की।
मैदान में जगह नहीं पर दिल में सब हैं
उन्होंने मैदान में मौजूद भीड़ को देखकर कहा कि यहां लोगाें के लिए मैदान छोड़ा पड़ गया है। लोग मैदान में नहीं अट पा रहे हैं। लेकिन मैदान में भले ही जगह खत्म हो जाए, लेकिन उनके दिल में लोगों के लिए पूरी जगह है। सब लोग उनके दिल में हैं।
अग्रिम धन्यवाद भी दिया
प्रधानमंत्री ने मौजूद भीड़ को देखकर कहा कि झारखंड में भाजपा की बहुमत वाली सरकार बननी तय है। उन्होंने सभा के दौरान ही लोगों को अग्रिम धन्यवाद भी दे दिया।
देश की दुरावस्था के लिए कांग्रेस जिम्मेवार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुये कहा कि देश को विभिन्न स्तरों पर दुरावस्था के कगार पर पहुंचाने के लिये यह पार्टी ही मुख्य रूप से जिम्मेदार है और जनता इसके कृत्यों को कभी नहीं भूलेगी। मोदी ने कहा कि अगर कांग्रेस अपने नकारात्मक कृत्यों में लगी रहेगी तो जनता भी उसे लगातार पाठ पढाते रहेगी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं का प्रत्यक्ष रूप से नाम नहीं लेते हुये कहा कि वे आजकल वही भाषण दे रहे हैं जो उन्होंने पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान दिया था और इसका परिणाम हर किसी को दिखाई दे रहा है। इस पार्टी का विधानसभा चुनावों में भी यही हश्र होगा।
हमारी सरकार गरीबों की सरकार है
उन्होंने झारखंड की जनता से भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में वोट की अपील की। केंद्र की सत्ता में आने के बाद अपनी सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुये उन्होंने कहा हमारी सरकार गरीबों की सरकार है गरीब के लिये है और गरीबों की वजह से है।
काले हीरों की प्रचुरता, पर उपयोग कर रहे विपक्षी लोग
प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड अपने खनिज संसाधनों के लिये पूरे विश्व में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि आपके पास काले हीरों की प्रचुरता है लेकिन विपक्षी पार्टियां राज्य के खनिज संसाधनों का अपने स्वार्थ के लिये दुरूपयोग कर रही हैं।
मोदी ने कहा कि मजबूत और स्थिर सरकार जनता की इच्छा के बिना नहीं चलती है जबकि मिली जुली सरकारों की सत्ता की डोर ठेकेदार के हाथ में होती है और ऐसी सरकार से राज्य एवं जनता का क्या हाल होता है इसे आप जानते है।
उन्होंने कहा कि विरोधी दल के लोग परेशान है और चुनाव के कारण इनके नेता जम्मू-कश्मीर और झारखंड आते हैं लेकिन इनके पास मोदी के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है और पेपर में फोटो छपे टीवी में मुखड़ा दिखे क्योंकि इन्हें लगता है कि जनता भूल न जाए।
जनता माफ नहीं करेगी
मोदी ने कहा कि विरोधी दलों के पास इतनी बैंकरप्सी हो गयी है कि वह चुनाव में पैर नहीं जमा पा रहे हैं। इन्होंने देश का इतना नुकसान किया है कि जनता इन्हें माफ करने को तैयार नहीं है और यह हकीकत है कि ये सुधरने वाले भी नहीं है क्योंकि 60 साल की आदत में ये बदलाव नहीं ला सकते हैं।
देश की हालत को बदलना है
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की हालत को बदलना है। काले हीरे पर बैठा यह इलाका चमकना चाहिए और इसे हम चमकाने को तैयार है लेकिन इसके लिए झारखंड में हमे अवसर देना होगा। काले हीरे को चमकाकर न केवल झारखंड चमकेगा बल्कि इसे पूरे देश को चमकाने की शक्ति है। पुरानी सरकार कोयलों को भी खा गयी थी लेकिन उच्चतम न्यायालय ने इसे खत्म किया। हमारी सरकार को तकलीफ हुयी लेकिन हमने इसे अवसर मान कर राज्यों की भलाई के लिए नीति बनायी और आने वाले वर्षो में इसी कोयले से झारखंड को 20 हजार करोड़ रूपये से ज्यादा पैसा मिलेगा।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रांची एयरपोर्ट से धनबाद पहुंचे। कड़ी सुरक्षा के बीच बरवाअड्डा एयरपोर्ट पर आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद वो रांची के लिए रवाना हो गए।
एसपीजी के सुरक्षा घेरे में एयरपोर्ट, 800 अधिकारी-जवान तैनात

बरवाअड्डा एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री की सभा के मद्देनजर वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। हवाई अड्डा एसपीजी के सुरक्षा चक्रव्यूह में रहा। हवाई अड्डा के भीतर और बाहर चप्पे-चप्पे पर पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहे। 800 अधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई। इनमें एसपीजी के साथ-साथ एनएसजी, सीआरपीएफ, जिला पुलिस, जैप, सीआईडी और स्पेशल ब्रांच के अधिकारी तथा जवान शामिल रहे।

स्पेशल ब्रांच के एडीजी रेजी डुंगडुंग, एडीजी विधि-व्यवस्था केएस मीणा, जैप एडीजी केएन चौबे और बोकारो प्रक्षेत्र की आईजी तदाशा मिश्रा समेत लगभग 100 पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने सोमवार को एयरपोर्ट पर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। बगल की विज्ञान विहार कॉलोनी और कुछ अन्य कॉलोनियों का भी पुलिस अफसरों ने जायजा लिया। लोगों को हिदायत दी गई कि बाहरी लोगों को घर में आने दें। घरों की खिड़कियां बंद रखें। हालांकि वे मैदान में जाकर या अपने घरों की छतों से पीएम का भाषण सुन सकते हैं।

पहुंचे कार्डियक एंबुलेंस व डॉक्टर

पीएम नरेन्द्र मोदी के धनबाद आगमन को लेकर रांची से दो चिकित्सक तथा एक कार्डियक एंबुलेंस सोमवार की देर शाम धनबाद पहुंचे। जिले में कार्डियक स्पेशलिस्ट की कमी की वजह से सूबे की सरकार ने रिम्स से वरीय कार्डियक चिकित्सक एंबुलेंस को मंगाया गया। सिविल सर्जन डा. अरुण कुमार सिन्हा ने बताया कि रांची से सीनियर कार्डियक डॉ रितेश कुमार के साथ ऐनेस्थिसिया के एक चिकित्सक और अत्याधुनिक संसाधनों से लैस एक कार्डियक एंबुलेंस को मंगाया गया।

दर्जन भर मेटल डिटेक्टर फ्रेम

दर्शकों को गेट से मैदान तक पहुंचने के लिए दर्जन भर मेटल डिटेक्टर फ्रेम से होकर गुजरना पड़ा। मैदान की चारों तरफ बैरिकेडिंग की गई। सामने मेटल डिटेक्टर फ्रेम लगाया गया। ऐसे में बम या लोहे के हथियार होने पर सिग्नल आने लगेगा।
आगे देखें कुछ संबंधित तस्वीरें...