रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ हरमू स्थित संत फ्रांसिस स्कूल में बूथ संख्या 233 में अपना वोट डाला। वोट देने बाद सोरेन ने पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल कि किसकी सरकार बनेगी इसके जवाब में कहा कि हर पार्टी को सपना देखने का अधिकार है कि उसकी पार्टी की ही सरकार बनेगी। 23 दिसंबर को जब चुनाव का परिणाम आएगा तब पता चल जाएगा कि जीत किसकी हुई है। उन्होंने वोटरों से अपील की कि इस लोकतंत्र के पर्व में बढ़चढ़कर हिस्सा लें और अपने पसंद की सरकार को बहुमत के साथ बनाए। उन्होंने पढ़े लिखे वोटरों से भी अपील की वे अपने मत का प्रयोग जरूर करें।
हर भारतीय को वोट करना चाहिए : कल्पना
मुख्यमंत्री के साथ वोट देने पहुंची उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा कि हर भारतीय का कर्तव्य है कि वो अपने वोट का प्रयोग जरूर करे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री की पत्नी है इसलिए वोट नहीं कर रही। पहले वे एक आम नागरिक है जो अपने मत का प्रयोग स्थायी सरकार बने इसके लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन ने अपने 14 महीने के पूरे कार्यकाल में जीतना काम किया होगा उसके तीन गुणा ज्यादा मेहनत इस चुनाव में किया है जिसका परिणाम उन्हें जरूर मिलेगा।