पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • भाजपा मासस समर्थकों में जुलूस निकालने को लेकर झड़प, एक की मौत

भाजपा-मासस समर्थकों में जुलूस निकालने को लेकर झड़प, एक की मौत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची। देश की कोयला राजधानी धनबाद से करीब 30 किलोमीटर दूर निरसा में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मार्क्सवादी समन्वय समिति (मासस) के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प में एक मासस कार्यकर्ता की मौत हो गई। मासस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर पीट पीटकर हत्या का आरोप लगाया है।
आने वाले 14 दिसंबर को मतदान को लेकर मासस की ओर से आज शक्ति प्रदर्शन का आयोजन किया था। इसके तहत करीब एक हजार मासस समर्थक निरसा बाजार से निकलकर जुलूस की शक्ल में पीठाक्यारी मैदान पहुंचे थे। वहां पहले से ही 10-12 की संख्या में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें मैदान में झंडा गाड़ने से मना कर दिया, जिसके बाद उनके बीच वाद-विवाद और मारपीट हो गई, जिसमें मासस कार्यकर्ता मचान रविदास को भी चोट लगी। उसे तत्काल निरसा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक मचान के शरीर में कहीं भी गंभीर चोट के निशान नहीं हैं। हालांकि, मौत की सही वजह का पता नहीं लग सका है।
भाजपाइयों का आरोप
भाजपाइयों ने निरसा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। जुलूस में निरसा विधानसक्षा क्षेत्र से मासस के विधायक अरूप चटर्जी भी शामिल थे। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पहले मासस कार्यकर्ताओं ने पहले हमला किया और वहां पहले से मौजूद भाजपा के झंडे को उखाड़कर फेंक दिया। विधायक अरूप ने निजी पिस्तौल और अंगरक्षकों ने रायफल के बट से भाजपाइयों की पिटाई की। इसमें तीन भाजपा कार्यर्ताओं को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। भाजपाइयों का यह भी कहना है कि मचान की मौत हार्ट अटैक या किसी अन्य कारण से हुई है।
स्वास्थ्य केंद्र में पड़ा है शव
इधर, मामस कार्यकर्ताओं ने अब भी मचान के शव को स्वास्थ्य केंद्र में रखा हुआ है। वे हत्यारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मृतक के परिजनों का आरोप है कि उसके गांव के ही रहने वाले बादल रविदास, उदय रविदास, नरेश, सुजीत ने मिलकर मचान की हत्या कर दी है। मालूम हो कि ये चारो मृतक के गोतिया हैं और चुनाव से कुछ दिन पहले ही मासस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं।
मासस का शक्ति प्रदर्शन जारी
घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है। मासस कार्यकर्ताओं का जुलूस पीठाक्यारी मैदान से चिरकुंडा की ओर निकल चुका है। चुनावी माहौल के कारण स्थिति अधिक संवेदनशील है। क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी गणेश मिश्रा के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।